शाहजहांपुर। शहर में इलेक्ट्रिक बसें चलने का रास्ता साफ हो गया है। शासन की ओर से शाहजहांपुर में 25 बसों को चलाने की स्वीकृति दी गई थी। इनके लिए चार्जिंग प्वाइंट बनाने को ककरा में नदी किनारे की जमीन का निर्धारण भी कर लिया गया है। जिसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिसको स्वीकृति मिलते ही बसों का चार्जिंग प्वाइंट बनाने का काम शुरू हो जाएगा।
शाहजहांपुर को नगर निगम का दर्जा मिलने के बाद महानगर जैसी सुविधाएं दिए जाने का काम शासन स्तर से किया जा रहा है, जिसमेें शहर में इलेक्ट्रिक बसें चलाना भी शामिल हैं। जिसकी स्वीकृति पिछले महीने ही शासन से मिल गई थी। इलेक्ट्रिक बसों को चलाने के लिए नगर निगम ने रूट तय कर लिया है। जिसके तहत हथौड़ा से जीआईसी होकर पुवायां रोड, हरदोई रोड से पक्का पुल होते हुए बरेली मोड़ और अटसलिया फाटक से होकर रोजा के लिए बसों का संचालन होगा। इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग के लिए नगर निगम अफसरों ने ककरा में नदी किनारे सरकारी जमीन चिह्नित की है। जिस पर चार्जिंग प्वाइंट बनाने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। अब उसकी स्वीकृति का इंतजार है।
जमीन पर बोर्ड लगवाने के निर्देश
- नगर आयुक्त ने इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग प्वाइंट बनाने के लिए ककरा में नदी किनारे की जमीन का चयन करने के बाद उस पर एक बोर्ड लगवाने का निर्देश दिया है, जिस पर इलेक्ट्रिक बसों का चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाने को चिह्नित स्थान अंकित किया जाएगा। जिससे लोगों को महानगर में इलेक्ट्रिक बसों के चलने की जानकारी हो सके।
शासन से स्वीकृति मिलने के बाद इलेक्ट्रिक बसों को चलाने के लिए निगम की ओर से कवायद शुरू कर दी गई है। रूट तय किए जाने के बाद अब चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाने को ककरा में नदी किनारे की जमीन देखी गई है। जिसका प्रस्ताव भी शासन को भेज दिया है। - विद्याशंकर सिंह, नगर आयुक्त शाहजहांपुर।