शाहजहांपुर। रोडवेज बस अड्डे पर उत्तर रेलवे की ओर से संचालित चार्जिंग स्टेशन को अब तक बिजली कनेक्शन नहीं मिल पाया है। इसका इस्तेमाल लोग पार्किंग के रूप में करने लगे हैं। वहीं अब नगर निगम क्षेत्र में बीस नए चार्जिंग स्टेशन बनाने की तैयारी है।
पेट्रो पदार्थों के बढ़ते दाम को देखते हुए लोगों का रुझान इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर होने लगा है। पिछले कुछ वर्षाें में बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक वाहन सड़कों पर दौड़ने लगे हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा 15356 ई-रिक्शे हैं। इसी तरह 625 ई-कार्ट माल वाहक व 748 दो पहिया वाहन पंजीकृत हैं।
चार्जिंग स्टेशन नहीं होने के कारण लोग अपने घरों में बैटरी को चार्ज करते हैं। इसके चलते उनके बिजली का बिल भी अधिक आता है। उनकी समस्या का समाधान करने के लिए शहरी परिवहन निदेशालय ने पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत जनपद में 20 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना शुरू की है।
नए चार्जिंग स्टेशन बाजार, रेस्तरा और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के पास स्थापित किए जाएंगे। नगर निगम ने चार्जिंग स्टेशन के लिए जगह की तलाश को शुरू कर दिया है। प्रत्येक स्टेशन के लिए 180 वर्ग फुट जमीन की आवश्यकता है। वर्तमान में रोडवेज बस अड्डे पर उत्तर रेलवे से संचालित ईवी चार्जिंग स्टेशन है। उसे अभी तक बिजली का कनेक्शन तक नहीं मिल सका है। इस वजह से मात्र पार्किंग के रूप में इसे इस्तेमाल किया जा रहा है।
जिले में 20 ईवी चार्जिंग सेंटर बनाने के लिए जमीन चिह्नित की जा रही है। शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। शासन की ओर से धनराशि आवंटित होने के बाद चार्जिंग सेंटर का निर्माण शुरू हो जाएगा।
डॉ. बिपिन कुमार मिश्र, नगर आयुक्त
-
रेलवे के स्टेशन पर छह शेड लगेंगे
रोडवेज बस अड्डे के पास बने ईवी चार्जिंग में छह शेड बनाए जाने हैं। इनमें तीन में ई-रिक्शा व तीन में स्कूटी व कार आदि को चार्ज करने की सुविधा मिलेगी। रेलवे के अधिकारी बताते हैं कि राज्य सरकार से चार्जिंग स्टेशन को अनुदानित बिजली मिलनी है। इसके चलते कनेक्शन मिलने में विलंब हो रहा है। रेलवे ने पांच साल के लिए जमीन उपलब्ध कराई है। प्रत्येक साल चार लाख 80 हजार रुपये संबंधित कंपनी को रेलवे को जमा करना होगा।
-
इतने हैं ई-वाहन
शाहजहांपुर में 748 दो पहिया, 11 मोपेड, तीन कार, 25 बस, 15356 ई-रिक्शा, 625 ई-कार्ट मालवाहक, 13 थ्री व्हीलर गुड्स कैरियर, 356 थ्री व्हीलर पैसेंजर आदि परिवहन विभाग के कार्यालय में पंजीकृत हैं।