शाहजहांपुर। तमाम कवायद और दावों के बावजूद खरीद केंद्रों पर दलाल हावी हैं। मंडी के अंदर ट्रॉलियों के प्रवेश से लेकर तौल कराने तक किसानों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। केंद्रों पर प्रभारी मौजूद नहीं मिलते तो कभी नमी का बहाना कर धान रिजेक्ट कर दिया जाता है। किसानों को मजबूरी में आढ़त पर धान बेचना पड़ रहा है। खुलेआम धांधली और अव्यवस्था के बावजूद अधिकारी केवल निर्देश जारी करने तक सीमित हैं। जनप्रतिनिधि भी इस ओर ध्यान देने की जरूरत नहीं समझ रहे हैं।
मंडी में धान की ट्राॅलियों पर टोकन व्यवस्था में दलाल हावी
पुवायां। मंडी के बाहर धान भरी ट्राॅलियों को इस बार टोकन नहीं दिए जा रहे हैं। दलालों की कुछ क्रय केंद्र प्रभारियों से साठगांठ के चलते क्रय केंद्रों पर बुुधवार और बृहस्पतिवार को ट्रालियां ले जाने को लेकर विवाद में किसानों के बीच दो बार मारपीट हो गई।
पिछले वर्ष धान भरी ट्राॅली लेकर आने वाले किसानों को मंडी के बाहर लाइन में लगने पर टोकन दे दिया जाता था। नंबर आने पर ट्राॅली काे टोकन के अनुसार क्रय केंद्र पर भेज दिया जाता था, इससे विवाद की स्थिति नहीं बनती थी।
इस बार मंडी के बाहर लाइन में लगी ट्राॅलियों के किसानों को टोकन नहीं दिए जा रहे हैं। कुछ क्रय केंद्र प्रभारियों ने दलाल लगा रखे हैं जो किसानों से सांठगांठ कर लेते हैं और ट्राॅलियों को अलग खड़ा करा देते हैं। दलाल के मार्फत क्रय केंद्र पर ट्राॅलियां भेजे जाने का नंबर आने पर अलग खड़ी ट्राॅली को मंडी के कांटे पर लाया जाता है। इस पर पीछे लाइन में लगे किसान एतराज जताते हैं तो विवाद हो जाता है।
बुधवार और बृहस्पतिवार को ट्राॅली कांटे पर ले जाने को लेकर किसानों में दो बार विवाद हुआ। लोगों ने बमुश्किल मामले को शांत कराया।
टोकन व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाएगा। मंडी गेट पर अनधिकृत लोग मौजूद रहते हैं तो कार्रवाई कराई जाएगी।
-सदानंद सरोज, एसडीएम पुवायां
क्रय केंद्र पर एसडीएम को मौजूद नहीं मिले प्रभारी
रोजा। डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर प्रभात राय ने बृहस्पतिवार दोपहर रोजा मंडी परिसर में धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पीसीएफ संघ सेहरामऊ के क्रय केंद्र पर प्रभारी मौजूद नहीं मिले। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने धान खरीद, तौल व्यवस्था, नमी मापक यंत्रों और किसानों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र पर प्रभारी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति न बैठे। एसडीएम ने कहा कि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जाए और किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
पुवायां मंडी परिसर स्थित धर्मकांटे पर दोपहर बाद पड़ा सन्नाटा। संवाद