शाहजहांपुर में बरेली मोड़ पर पत्रकारों से बातचीत करते प्रदेश अध्यक्ष अजय राय। स्रोत: संगठन
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपुर। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश सरकार के नौ साल बेमिसाल के नारे पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह बेमिसाल हैं तो खराब दिनों को क्या कहेंगे। पूरे प्रदेश में हाहाकार मचा है। मुख्यमंत्री के क्षेत्र गोरखपुर, जौनपुर और भदोही में हत्याएं हो रहीं हैं। गैस सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश की जनता को ऐसे बेमिसाल दिन नहीं चाहिए।
लखनऊ से बहेड़ी जाते समय बरेली मोड़ स्थित एक ढाबे पर कुछ देर रुके प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता और महानगर अध्यक्ष तकवीम हसन खां के नेतृत्व में माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस बीच अजय राय ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और आमजन से जुड़े मुद्दों के समाधान में सरकार विफल हो चुकी है। अब प्रदेश की जनता परिवर्तन चाहती है और कांग्रेस इस परिवर्तन का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
आगामी चुनाव को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे गांव-गांव, घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करें। इस मौके पर अल्पसंख्यक कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशफाक उल्ला खान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्चना वाल्मीकि, रामजी अवस्थी, रफी उल हसन, सईद अंसारी, तनवीर सफदर, फरीद अली, अनस इकबाल, कृष्ण विनोद मिश्रा, कमल किशोर मिश्रा, डॉ. फहाद अली, संजय सक्सेना आदि मौजूद रहे।