खुदागंज। नगर के पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। महादेवन मंदिर से रामेश्वर गंज गोटिया तक करीब दो किलोमीटर लंबे चकरोड पर पहले 48 फीट चौड़ाई में रास्ता था, जो अतिक्रमण के चलते अब सिमटकर 10-12 फीट रह गया है। नगर का पानी खेतों की ओर आने से फसलें खराब हो रही हैं। किसानों ने नाला पक्का कराने और पानी की निकासी दूसरी तरफ कराने की मांग की है।
किसान मुन्नालाल का कहना है कि नाले का पानी खेतों में भरने से फसलों को नुकसान हो रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। वहीं, हेमराज ने बताया कि गेहूं की बुवाई के लिए खेतों में पानी लगाने पर कुछ लोग बाद में नाले का पानी छोड़ देते हैं, जिससे फसल खराब हो जाती है। किसानों ने चकरोड को अतिक्रमण मुक्त कराने की भी मांग की है।
अधिशासी अधिकारी नूरजहां ने बताया कि कर्मचारियों को भेजकर मौके पर स्थिति का निरीक्षण कराया जाएगा। समस्या उनके अधिकार क्षेत्र में आती है तो नाला निर्माण के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। एसडीएम तिलहर आदित्य श्रीवास्तव ने बताया कि जल्द राजस्व टीम भेजकर मौके पर नाले का निरीक्षण कराया जाएगा। समस्या सामने आने पर उसका समाधान कराया जाएगा।