तिलहर में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर डिवाइडर पर काम करते कर्मचारी। संवाद
तिलहर (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर यातायात की निगरानी, हादसों की रोकथाम और आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने डिवाइडर पर सीसी कैमरे लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। हाईवे पर फरीदपुर से लेकर सीतापुर तक प्रत्येक एक किमी के फासले पर कैमरे लगाए जाएंगे। ऐसे में सीसी कैमरों का नेटवर्क बिछाने के लिए हाईवे के डिवाइडर पर पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है।
हाईवे पर डिवाइडर की खोदाई कर जो पाइप लाइन डाली जा रही है, उसी से सीसी कैमरे के केबल जाएंगे। मंगलवार को हाईवे पर कछियानी खेड़ा हनुमान मंदिर के पास हाईवे के बीच डिवाइडर पर खोदाई का कार्य शुरू करा दिया गया। हाईवे पर एक-एक किमी के अंतराल पर लगने वाले कैमरों की मदद से यातायात और हादसों पर लगातार निगरानी रखना संभव हो जाएगा। ऐसा होने पर हादसे की स्थिति में तत्काल लोकेशन पता लगने पर राहत और बचाव टीम को मौके पर भेजा जा सकेगा।
एनएचएआई के कंट्रोल रूम के अधिकारी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि फरीदपुर से सीतापुर तक हाईवे के बीच डिवाइडर में पाइपलाइन डालने का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इन सभी कैमरों की निगरानी फरीदपुर टोल प्लाजा स्थित कंट्रोल रूम से की जाएगी। उनका कहना है कि इस व्यवस्था के लागू होने से हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आएगी और जरूरतमंद लोगों को समय पर मदद मिल सकेगी। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।