फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंकों में पहुंचा कैश, वेतन और पेंशन भुगतान को मारामारी

Fri, 02 Dec 2016 12:00 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला शाहजहांपुर
विज्ञापन
बैंक के बाहर लगी भीड़।
विज्ञापन
नोटबंदी के बाद से कैश की कमी का सामना कर रहीं बैंक शाखाओं में वेतन सप्ताह के पहले दिन पगार और पेंशन पाने के लिए विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और पेंशनरों की भीड़ सुबह से उमड़ने लगी। दोपहर तक बैंकों में इतने कर्मचारी और पेंशन उमड़े कि रोड जाम होने लगे। आरबीआई से मिली नगदी की नई खेप से शुरुआती दो घंटे तक भुगतान की स्थिति सामान्य रही, लेकिन काउंटरों पर कैश की कमी के साथ लोगों के भुगतान में कटौती की जाने लगी। 24 हजार रुपये का विड्रॉल फॉर्म भरने वालों को अधिकतम 10 हजार रुपये देकर चलता कर दिया गया।  
विज्ञापन

जिले में केंद्र व राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कार्यरत करीब 12 हजार कर्मचारियों को बैंक खातों के माध्यम से वेतन भुगतान किया जाता है। लगभग इतने ही पेंशनर भी बैंकों के माध्यम से पेंशन प्राप्त करते हैं। जिन बैंकों में कर्मचारियों और पेंशनरों के खाते अधिक हैं, वहां के शाखा प्रबंधकों ने विशेष काउंटर खुलवाए। भारतीय स्टेट बैंक की टाउनहाल मुख्य शाखा के प्रबंधक संतोष झा ने पेंशनरों के काउंटर पर खास निगरानी रखी। बैंक ऑफ बड़ौदा के सहायक महाप्रबंधक सीजे गाबा ने मंडी चौक शाखा में पेंशनरों को भुगतान में प्राथमिकता दिलाई। इंडियन बैंक के शाखा प्रबंधक मनोज कुमार ने पेंशनरों को अपने चैंबर में बैठाकर भुगतान कराया। 
इस दौरान एसबीआई, केनरा और निजी क्षेत्र की अन्य बैंकों के एटीएम भी कैश उगलते रहे। एटीएम में कैश खत्म होने पर बैंकों में भीड़ बढ़ी तो वहां भी कैश की कमी से भुगतान की स्थिति डांवाडोल होने लगी। बाद में पहुंचे लोगों को अधिक धनराशि वाले विड्रॉल फॉर्म फाड़कर फेंकने पड़े क्योंकि उनके भुगतान में कैश काउंटरोें पर कटौती कर दी गई। अधिकतम लोगों को जरूरत भर की धनराशि उपलब्ध कराने के लिए शाखा प्रबंधकों ने यह फंडा अपनाया।
विज्ञापन

बैंक शाखाओं के सामने भीड़ से ठहरा यातायात
वेतन सप्ताह के पहले दिन बैंकों के सामने खातेदारों की भीड़ के कारण शहर में चौक से लेकर टाउनहाल तक जगह-जगह यातायात में रुकावट से लोगों को रोड जाम की समस्या से जूझना पड़ा। चौक में इलाहाबाद बैंक की गोविंदगंज व चौक सिटी ब्रांच, टाउनहाल में एसबीआई की मेन ब्रांच, मशीनरी मार्केट की स्टेट बैंक ऑफ पटियाला, बॉब की मंडी चौक शाखा, सदर बाजार की यूनियन बैंक शाखाओं में कर्मचारियों और पेंशनरों के खाते अधिक होने से वहां दिन भर भीड़ उमड़ती रही। रोड की दोनों साइड में फुटपाथों पर बाइक खड़ी होने से राहगीरों को घंटों जाम से जूझना पड़ा।
लेनदेन को अपनाएं वैकल्पिक डिजिटल साधन   
वेतन सप्ताह के दौरान बैंक शाखाओं में भुगतान की मांग ज्यादा होना और भीड़ उमड़ना स्वाभाविक है। इसके लिए शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक करके सभी तैयारियां हो चुकी थीं। आरबीआई से मिला कैश बैंक शाखाओं को उनकी मांग के अनुसार भेज दिया गया है। तीन से चार दिन में स्थिति सामान्य हो जाएगी, लेकिन मौजूदा दौर से सबक लेते हुए जन सामान्य को मनी ट्रांजिक्शन के लिए वैकल्पिक डिजिटल संसाधन अपनाने पर ध्यान देना होगा, जिससे कि कैश पर निर्भरता कम हो सके। -बीएम गुप्ता, अग्रणी बैंक प्रबंधक
नगदी संकट को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी
सपा मजदूर सभा का कलक्ट्रेट में प्रदर्शन
शाहजहांपुर। केंद्र सरकार की नोट बंदी के बाद से किसानों और मजदूर तबके को नोटों की कमी से हो रही असुविधा को लेकर सपा मजदूर सभा के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर धरना-प्रदर्शन किया। 
बाद में कार्यकर्ताओं का शिष्टमंडल संगठन के जिलाध्यक्ष विजय सिंह के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट विजय शंकर दुबे से मिला और उन्हें राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में नोटबंदी को अविवेकपूर्ण और निंदनीय निर्णय बताते हुए कहा गया है कि जिले के तमाम छोटे उद्योग और व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद हो जाने से किसान रबी फसलों की बुवाई के लिए खाद-बीज आदि के लिए परेशान हैं। दूसरी ओर मजदूर तबका नगद दिहाड़ी के लिए तरस रहा है। ज्ञापन में नगदी संकट का समाधान शीघ्र कराने का अनुरोध किया गया है। धरना-प्रदर्शन में स्तुति गुप्ता, मोहित अवस्थी, ज्ञानेंद्र यादव, अनवर अली खां, शहाबुद्दीन, शरद यादव, रौनक अली, पंकज वर्मा, नौशाद कुरैशी, डॉ. नवनीत यादव आदि शामिल रहे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें