शाहजहांपुर। वाराणसी जंक्शन से जम्मूतवी जाने वाली 12237 बेगमपुरा एक्सप्रेस के एसी कोच पर पथराव में गोंडा की महिला के घायल होने के मामले में चार महीने बाद जीआरपी थाने के कांस्टेबल आदेश कुमार की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पथराव में कोच का शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया था।
गोंडा के थाना कर्नलगंज के हीरापुर कमियार निवासी कमल सिंह की पत्नी मालती देवी 26 फरवरी को बेगमपुरा एक्सप्रेस से लखनऊ से लुधियाना जा रहीं थीं। वह कोच संख्या एस-तीन की सीट नंबर 12 पर बैठीं थी। ट्रेन रात में करीब नौ बजे शाहजहांपुर स्टेशन आई। यहां से चलने के 20 से 22 मिनट के बाद ट्रेन के कोच पर किसी ने पथराव कर दिया।
पत्थर लगने से कोच का शीशा टूट गया और मालती सिंह को भी चोट आई। बरेली में ट्रेन पहुंचने के बाद उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। उस समय उन्होंने तहरीर देने से इन्कार कर दिया। कंट्रोल के पास पूरा मामला पहुंचने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जीआरपी ने मालती से संपर्क साधा तो उन्होंने कार्रवाई से इन्कार कर दिया। चूंकि ट्रेन पर पथराव होने पर कोच का शीशा टूट गया था। ऐसे में जीआरपी के कांस्टेबल की ओर से शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
इंस्पेक्टर जीआरपी रमांकर यादव ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए प्रयास चल रहे हैं। टीम गठित कर रेल लाइन के किनारे व फाटकों के पास गश्त को बढ़ाया गया है।