जलालाबाद। खेत की जोताई के दौरान दो दिन पहले मारपीट करने व तलवार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को नामजद करते हुए दो नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
चिनौर निवासी प्रतिपाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि क्षेत्र के गांव रुस्तमपुर में स्थित एक जमीन को लेकर गांव निवासी जगदीप से उसका विवाद चल रहा है। इसकी शिकायत करने पर 15 अक्तूबर को पुलिस की मौजूदगी में पहुंची राजस्व टीम ने जमीन की नापजोख की। अगले दिन वह टीम के किए गए चिह्नीकरण के अनुसार खेत की जोताई कर रहा था।
आरोप है कि दोपहर करीब डेढ़ बजे जगदीप के घर से इसी गांव निवासी भूरे सहित सात आठ लोग निकले और उसके साथ मारपीट करने लगे। वह जान बचाकर भागा। आरोप है कि तभी भूरे ने उस पर तलवार से ताबड़तोड़ हमले कर दिए। उसके सिर व बाईं टांग में गंभीर चोट आई। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि जगदीप और भूरे के अलावा अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद