शाहजहांपुर। सरही गांव में रविवार रात आंधी-बारिश के दौरान कंबाइन की चपेट में आने से 64 वर्षीय मनोरमा पांडेय की मौत के मामले में बेटे विपिन ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर विपिन ने बताया कि रविवार की दोपहर एक व्यक्ति ने फोन कर गेहूं की फसल काट लेने की धमकी दी थी। इसके बाद उनकी मां को खेत पर बुलाया गया। मां फसल काटने का विरोध करती हुई कंबाइन के सामने खड़ी हो गईं। आरोप है कि उसने कंबाइन को मां के ऊपर चढ़ा दिया। इसके बाद आरोपी कंबाइन लेकर भाग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। विपिन ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि रविवार शाम चार बजे मां मनोरमा गेहूं के खेत पर गई थीं। खेत के पास ही गांव के अशफाक ऊर्फ राना व इकलाख गेहूं काटते हुए खेत की तरफ आ रहे थे। मां रास्ते में खड़ी थी। मां ने मशीन रोकने के लिए कहा। मां सामने से हट नहीं पाईं और मशीन उनके ऊपर चढ़ गई। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर तथ्य व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।