शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हुसैनपुरा निवासी 10वीं की छात्रा यशी उर्फ नाव्या की मौत के मामले में उसके ताऊ और ताई के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शशिकांत शर्मा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बड़े भाई लक्ष्मीकांत शर्मा व भाभी राजेश्वरी ने शक के आधार पर बेटी यशी पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाया। मोहल्ले वालों के सामने व रिश्तेदारों से मोबाइल पर बातचीत कर बेटी को झूठा बदनाम कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
राय विशुन दयाल इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य का फोन आने पर इसकी जानकारी हुई। पता चला कि भाभी ने उसकी बेटी के स्कूल जाकर अध्यापकों व बच्चों के सामने बेटी पर मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाया। बेटी ने मानसिक दबाव महसूस कर 24 सितंबर को अपना जीवन समाप्त कर लिया।
घर आने पर बेटी को चाय बनाने के लिए आवाज दी। पत्नी ने बताया कि बेटी यशी ऊपर कमरे में पढ़ाई कर रही है। छत पर गया तो देखा बेटी फंदे से लटकी हुई थी। बेटी को जिला अस्पताल ले गए। वहां बेटी को मृत घोषित कर दिया गया। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। तथ्य व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।