शाहजहांपुर। नौ दिन पूर्व हुई अस्पताल के गेटकीपर की मौत के मामले में चौक कोतवाली पुलिस ने लैब टेक्नीशियन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला चौक आला खां निवासी असलम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि भाई यूनुस अली वर्तमान में मोहल्ला खलीलशर्की में टंडन अस्पताल में गेटकीपर थे। 21 जून की शाम 6:25 बजे भाई अस्पताल में ड्यूटी पर थे। अस्पताल के लिए इस्तेमाल वाहन गेट पर आया। यूनुस ने रुटीन के मुताबिक अस्पताल का गेट खोला और मोबाइल से वाहन के आने का वीडियो बनाने लगा।
इस बीच वाहन की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। तुरंत उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जिस वाहन से हादसा हुआ, उसे अस्पताल का लैब टेक्नीशियन अजय चला रहा था। घटना का वीडियो भाई के मोबाइल में सुरक्षित है। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।