पुवायां (शाहजहांपुर)। चंगाई सभा के माध्यम से लोगाें को धर्म परिवर्तन के लिए उकसाने के आरोप में संयुक्त तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने तीन लोगों का चालान कर दिया है।
गांव चुरहा निवासी सौरभ वर्मा ने पुलिस को बताया कि उन्हें और उनके साथियों को गांव पकड़िया हकीम निवासी सौरभ जाटव ने सूचना दी कि उनके गांव पकड़िया हकीम के अहिवरनलाल उर्फ गुड्डू के घर प्रत्येक रविवार को चंगाई सभा का आयोजन होता है।
चंगाई सभा को लखीमपुर के थाना मोहम्मदी के गांव पिपरिया कप्तान का नमद्वीप, पकड़िया हकीम का रचिन, बटेश्वर, सिंधौली के गांव महुआ पाठक का बिंदरलाल मिलकर आयोजित करते हैं। चंगाई सभा करने वाले गांव के गरीब और अनुसूचित जाति के अशिक्षित लोगों और नाबालिगों को झूठे प्रलोभन और इलाज के नाम पर ईसाई धर्म में परिवर्तन करवा रहे है।
सूचना पर सौरभ वर्मा 19 अप्रैल को अपने साथी आनंद पांडे, राघव श्रीवास्तव, भारत राठौर, दीपक कुमार, अजय कुमार, राजपाल, अजय कुमार के साथ रचिन के घर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान रचिन और उसके साथी बटेश्वर, बिदंरलाल के मकान में एकत्र लोगों से अपना धर्म छोड़कर प्रभु यीशु की शरण में आने के लिए उकसा रहे थे।
आरोपी ईसाई धर्म के साहित्य डायरी और फोटो, वीडियो दिखाकर लोगों से ईसाई धर्म अपनाने के लिए कह रहे थे। दरवाजा खटखटाने पर प्रार्थनासभा बंद कर लोगों को बाहर निकालकर आरोपी मौके से भाग निकले। आरोपी पंजाब की किसी संस्था के जरिये काम कर रहे हैं, जिसको कोई पादरी जगजीत मिनिस्ट्री चलाता है।
आरोपियाें की गूगल मीट पर बैठक भी लेता है। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि सौरभ वर्मा, आनंद पांडे, भारत राठौर, राजपाल, अजय कुमार की संयुक्त तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने नमद्वीप, रचिन, बटेश्वर को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।