पुवायां। गांव शहबाजपुर स्थित मायके में फंदा लगाकर जान देने वाली पूजा अवस्थी के मामले में भाई सचिन कुमार ने बहनोई समेत आठ लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पूजा अवस्थी की शादी 30 अप्रैल 2026 को खुटार के गांव मोहनपुर निवासी अनुपम दीक्षित के साथ हुई थी। एक सप्ताह पूर्व पूजा मायके आई थीं। 26 अगस्त को पूजा का शव मायके में घर के पीछे बने कमरे में फंदे से लटका मिला था।
सचिन कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बहन के पति अनुपम, सास माया देवी, जेठ अनुराग, अमित, अनुराग और अमित की पत्नी, हरीश और गांव खांडेपुर के सुक्खा देवी ने शादी के दूसरे दिन ही पूजा को पीटा था और दहेज में पांच लाख रुपये, कार की मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
सचिन के अनुसार, पूजा के जानकारी देने पर वह मोहनपुर गए थे और दहेज देने में असमर्थता जताई थी। 13 अगस्त को ससुराल के लोगों ने जान से मारने की नीयत से पूजा को कमरे में बंद कर दिया था। पूजा ने दूसरे दिन मौका पाकर किसी के नंबर से कॉल की तो वह बहन की ससुराल गए थे और 14 अगस्त को पूजा को घर ले आए थे।
रिश्ता बचाने के लिए उन्होंने पुलिस को सूचना नहीं दी थी। आरोप है कि 26 अगस्त को अनुपम ने पूजा को कॉल कर धमकी दी। ससुराल के लोगों ने पूजा को दहेज के लिए इतना प्रताड़ित किया कि 26 अगस्त को पूजा ने आत्महत्या कर ली। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।