मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। गढ़िया लाईखेड़ा गांव में मंगलवार की रात दो घरों में आई बरातों के दौरान अनुसूचित जाति के दूल्हे को बग्घी पर बैठा देखकर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और हमला करने के मामले में पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
गांव के मुकेश वाल्मीकि के घर बरेली के भुता क्षेत्र के गांव पाऊनगला और सुरेंद्र सिंह यादव के घर बदायूं के हजरतपुर क्षेत्र के दिउचरी गांंव से मंगलवार की रात बरात आईं थीं। गांव के राजपाल यादव के घर के पास दोनों बरातें एक साथ पहुंचने पर उनका रास्ता रुक गया।
पाऊनगला निवासी दूल्हे के पिता मनोज कुमार वाल्मीकि ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बरात में उनके पुत्र सौरभ को बग्घी पर बैठा देखकर राजपाल ने जातिसूचक अपशब्द बोलते हुए तंज किया। इसका विरोध करने पर राजपाल समेत गांव के अन्य लोगों ने जनरेटर बंद कर दिया और अंधेरा होते ही उनके बरातियों से मारपीट शुरू कर दी।
इस बीच, आरोपियों ने दूल्हे के भाई सचिन के गले से सोने की चेन और जेब से 50 हजार रुपये भी लूट लिए। मनोज का आरोप है कि बाद में आरोपियों ने दूल्हे सौरभ को भी जबरन बग्घी से नीचे खींच लिया और पशु बांधने में इस्तेमाल होने वाली लोहे की जंजीर से गला कसकर उसे जान से मारने का प्रयास किया।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि बरात में आई रंगशाला में युवतियों के कपड़े पहनकर नाच रहे लड़कों से दूसरी बरात में शामिल लोगोंं के टिप्पणी करने का विरोध करने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। पुलिस इस मामले में दो लोगों को पहले ही हिरासत में ले चुकी है। शनिवार को पुलिस ने दूल्हे के पिता की तहरीर के आधार पर गांव के राजपाल, अवधेश, सुमित, अमित, सोमेंद्र आदि 12 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। सीओ ज्योति यादव ने बताया कि मामले की जांंच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।