जलालाबाद। कोलाघाट पुल पर बृहस्पतिवार की रात फर्रुखाबाद की ओर से आई एक स्कार्पियो कार वहां पहले से खड़े एक ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकरा गई। हादसे में कार पर सवार ककरहा गांव के सुशील समेत उनके परिवार के ही जवाहर की पत्नी प्रेमवती ओर सुधा देवी घायल हो गईं।
पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी पर भेजा। वहां प्रेमवती को प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। सुशील ने पुलिस को बताया कि वह रात में कायमगंज स्थित रिश्तेदारी में एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। कोलाघाट पुल की शुरुआत में लगे हाइट गेज के पास एक ट्रैक्टर-ट्राॅली साइड के बजाय मार्ग पर खड़ी थी। सामने से आ रहे वाहन की लाइट के कारण ट्रैक्टर दिखाई नहीं दिया और कार उसमें पीछे से टकरा गई। संवाद