जैतीपुर क्षेत्र में फतेहगंज पूर्वी मार्ग पर जली कार। संवाद
जैतीपुर (शाहजहांपुर)। फतेहगंज पूर्वी मार्ग पर बृहस्पतिवार की रात गौहावर-सूरजपुर गांव के बीच एक कार को स्टार्ट करते समय उसमें आग लग गई। हादसे में कार पूरी तरह जल गई, लेकिन उसमें बैठे दो लोगों ने किसी तरह बाहर निकल कर जान बचाई।
बरेली के फतेहगंज पूर्वी निवासी नंदकिशोर ने बताया कि वह जैतीपुर की तरफ जा रहे थे। साथ में सुरजूपुर के मोहित बैठे थे। रात करीब 11:30 बजे गौहापुर से आगे लघुशंका के लिए कार रोकी। बाद में स्टार्ट की, तो अचानक इंजन से धुआं निकलने लगा और कार में आग लग गई। आसपास आग बुझाने का कोई साधन नहीं होने पर उन्हाेंने डायल 112 पर फोन किया।
बाद में थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और किसी तरह आग पर काबू पाया। कार सूरजपुर के एक व्यक्ति की बताई गई है। थाना प्रभारी गौरव त्यागी ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से कार में आग लगी है। संवाद