फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: परेशान रहे अभ्यर्थी...पहले फर्श पर काटी रात, फिर झेली धक्कामुक्की

विज्ञापन
शाहजहांपुर में रेलवे स्टेशन पर लेटे अभ्यर्थी। संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। भविष्य में सरकारी नौकरी का सपना लेकर प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) देने के लिए आए अभ्यर्थियों का सफर काफी दुश्वारी भरा रहा। लंबी दूरी तय करने के बाद अभ्यर्थियों को फर्श पर रात बिताना पड़ी। दूसरी ओर वापसी में ट्रेनों में प्रवेश करने के लिए काफी जद्दोजहद करना पड़ी।
विज्ञापन

गोंडा, बस्ती, जौनपुर और सुल्तानपुर समेत कई जिलों से अभ्यर्थी शनिवार की रात ही पहुंच गए थे। अभ्यर्थियाें ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, रोडवेज बस अड्डा परिसर, दुकानों के सामने टिनशेड को अपना ठिकाना बनाया। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर लाइन से अभ्यर्थी लेटे हुए नजर आए।
सुबह होने पर परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए उन्हें जाम से जूझना पड़ा। पहली पाली के लिए भीड़ का दबाव बढ़ने पर रेलवे स्टेशन से रोडवेज बस अड्डे तक तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस ने किसी तरह पहुंचकर जाम को खुलवाया। दोपहर में परीक्षा समाप्त होने के बाद वापसी की जद्दोजहद प्रारंभ हुई।
विज्ञापन

दोपहर में रोडवेज बस अड्डे और रेलवे स्टेशन मार्ग पर लंबे जाम से जूझकर पहुंचे। स्टेशन पर भीड़ के आगे अभ्यर्थी बेबस नजर आए। दोपहर में साढे़ 12 बजे आई अमरनाथ एक्सप्रेस में सीट घेरने को लेकर जद्दोजहद शुरू हुई।
पहले से भरी ट्रेन की बोगी में घुसने को लेकर धक्का-मुक्की तक हो गई। जनरल कोच के बाद अभ्यर्थी स्लीपर कोच में भी सवार हो गए। इसी तरह त्रिवेणी एक्सप्रेस की स्थिति भी यही रही। ट्रेनें पहले से भरकर आने के चलते अभ्यर्थियों को सवार होने में काफी दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ा।

अमरनाथ एक्सप्रेस के एसी कोच को खाली कराया
दोपहर में आई डाउन लाइन की अमरनाथ एक्सप्रेस के एसी कोच में अभ्यर्थी सवार होने का मेमो आने के बाद सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरी सिंह मीना ने सीएमआई एसके ठाकुर, सीएचआई त्रिलोक चंद्र व स्टेशन अधीक्षक एके गौतम के साथ चेकिंग की। इस बीच एसी कोच में अभ्यर्थी मिलने पर खाली कराकर स्लीपर और जनरल कोच में सवार कराया गया। दूसरी ओर त्रिवेणी एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में अभ्यर्थियों को सवार होने से रोकने पर विवाद की स्थिति बनने से पहले ही अफसरों ने पहुंचकर मामले को शांत कराया।

मंडलीय अफसरों तक पहुंची बात, एक घंटा विलंब से चली स्पेशल ट्रेन
शाहजहांपुर से बिजनौर के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेन तय समय सुबह 7:20 बजे नहीं पहुंची। इस बीच स्पेशल ट्रेन से सफर के लिए अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। अभ्यर्थियों ने मंडलीय अफसरों का नंबर लेकर संपर्क साधा। जिसके बाद स्थानीय अफसरों में खलबली मच गई। तुरंत ही अधिकारी मौके पर पहुंचे। तभी दूसरी स्पेशल ट्रेन आई, जिसमें आधे अभ्यर्थी सवार होकर चले गए। फिर परीक्षा स्पेशल ट्रेन को लाइन नंबर चार पर लिया गया। यह ट्रेन तय समय से एक घंटा विलंब से रवाना हुई। सीएमआई एसके ठाकुर ने बताया कि पीईटी स्पेशल ट्रेन के खाली रैक की जांच के चलते देरी हुई है। ट्रेन को राजधानी एक्सप्रेस के पीछे चलाने पर रास्ता क्लीयर मिलने से तय समय पर पहुंच बिजनौर पहुंच गई।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय अफसर भी लगातार निगाह बनाए रहे। एसी कोच में सवार अभ्यर्थियों से गुजारिश कर उन्हें दूसरी बोगी में सवार कराया गया। सभी अभ्यर्थियों को सकुशल रवाना कर दिया गया है।
-हरी सिंह मीना-सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक

हमारे जनपद से करीब 250 किलोमीटर दूर केंद्र बनाया है। इसलिए रात में ही आ गए थे। स्टेशन पर खुले आसमान के नीचे बैठकर रात गुजारी है।
-अतुल कुमार, सुल्तानपुर

रेलवे स्टेशन के अंदर के टिनशेड अभ्यर्थियों से भर गए हैं। वहां जगह नहीं है। ऐसे में स्टेशन के बाहर लेटे हैं। घर से खाना बनवाकर लाए थे।
-रावेंद्र यादव, सुल्तानपुर

शाहजहांपुर में रेलवे स्टेशन पर लेटे अभ्यर्थी। संवाद

शाहजहांपुर में रेलवे स्टेशन पर लेटे अभ्यर्थी। संवाद

शाहजहांपुर में रेलवे स्टेशन पर लेटे अभ्यर्थी। संवाद

शाहजहांपुर में रेलवे स्टेशन पर लेटे अभ्यर्थी। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें