प्राथमिक शिक्षक संघ में ब्लाक या जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को मनोनीत नहीं किया जा सकता। ब्लाक अध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष चुनाव जीतकर या निर्विरोध निर्वाचित होने पर ही बनते हैं। जिले में कुछ तथाकथित शिक्षक नेताओं ने ब्लाक कार्यकारिणी का गठन करके शिक्षकों को गुमराह किया है।
यह विचार प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय कोषाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष संजय सिंह पत्रकारों के साथ हुई वार्ता में व्यक्त किए। कहा कि प्राथमिक शिक्षक संघ के बाइलाज के मुताबिक यह बिल्कुल गलत है। बताया कि बाइलाज की धारा 31 के अनुसार चुने हुए शिक्षक ही निर्वाचित होते हैं। उसमें कहीं पर भी यह नहीं दिया गया कि उनका मनोनयन किया जा सकता है। कहा कि शिक्षक संघ का चुनाव मई में होना है, जिसमें चुने गए लोग ही संगठन के असली पदाधिकारी माने जाएंगे। फर्जी तौर से जो ब्लाक कार्यकारिणियां गठित की गईं हैं, उनपर कार्रवाई कराने के लिए बीएसए से शिकायत की जाएगी।
संजय बोले कि प्रदेश में जबर सिंह गुट ही नहीं है। कहा कि खुद का जबर सिंह गुट का बताने वाले जिला संयोजक पहले संघ की ददरौल इकाई का ब्लाक महामंत्री रह चुका है, जिसे संगठन विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने की वजह से हटा दिया गया था। कहाकि शिक्षक संघ ने विद्यालय का समय बदले जाने से लेकर तमाम शिक्षक हितों की मांगों को लेकर लड़ाई लड़ी है। प्रेस वार्ता के दौरान जिला महामंत्री देवेश वाजपेयी, जिला उपाध्यक्ष सरताज अली एवं मुनीश मिश्रा, मीडिया प्रभारी राजकुमार तिवारी मौजूद रहे।
एकजुट होकर सिखाएं सबक
इसके बाद प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लाक कार्यरिणियों की बैठक हुई, जिसमें यह मुद्दा छाया रहा। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने कहा कि सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर तथाकथित शिक्षक नेताओं को सबक सिखाने की जरूरत है। इस मौके पर नीरज मिश्रा, अरुण भदौरिया, प्रदीप सिंह, नवेंदु मिश्र, यशपाल सिंह यादव, राजकुमार सिंह, संगीता रस्तोगी, महेंद्र सिंह, अरुण यादव, शिवकिशोर मिश्रा, आनंद गंगवार आदि मौजूद रहे।