पुवायां तहसील के विभिन्न गांवों में रहने वाले ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट पर धरना देकर प्रशासन से समाजवादी पेंशन योजना का लाभ दिलाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि लाभार्थियों की सूची बनाने में प्रधानों और ग्राम पंचायत अधिकारियों की मनमानी से तमाम अपात्र लोगों के नाम पेंशन सूची में शामिल कर लिए गए, लेकिन बीपीएल श्रेणी के अन्य पात्रों को छोड़ दिया गया।
प्रदर्शन में जैतीपुर, पुवायां क्षेत्र के गांव ररुआ और अन्य कई गांवों से सोमवती, शिवदेई, जशोदा, शबाना, रामश्री, राम प्रकाश, हुकुम चंद्र, सरनाम, रामलखन आदि शामिल रहे। यह सभी ग्रामीण शोषित समाज मोर्चा के पुवायां तहसील अध्यक्ष ऋषि कुमार और निगोही के ब्लॉक अध्यक्ष उपदेश कुमार के संयुक्त नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी करके धरना दिया। इन सभी ने समाजवादी पेंशन सहित विकलांगों के आवास, राशन कार्ड वितरण आदि में क्षेत्रीय अधिकारियों पर पक्षपात का आरोप लगाया।
बाद में ग्रामीणों का शिष्टमंडल अतिरिक्त मजिस्ट्रेट हरीशंकर लाल शुक्ला से मिला। उन्हें दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि अफसर सिर्फ वही काम कर रहे हैं जो पूंजीपति और सत्ता पक्ष से जुड़े लोग चाहते हैं। इस वजह से शोषित, वंचित और बेसहारा वर्ग की कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ज्ञापन में फसली नुकसान से परेशान गरीब किसानों को पर्याप्त मुआवजा देने के साथ समाजवादी पेंशन स्वीकृत करने और नियमानुसार अन्य सुविधाएं देने आदि मांगें शामिल हैं।