शाहजहांपुर। धनतेरस पर खरीदारी को लेकर बाजार में तैयारियां तेज हो गई हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स और दोपहिया वाहन कारोबारियों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई तरह के ऑफर देने शुरू कर दिए हैं। त्योहारों के लिए वाहनों और इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की बुकिंग कराई जा रही है। ग्राहकों को कैश डिस्काउंट, कैशबैक, आसान किस्तों और उपहारों का लाभ दिया जा रहा है।
नवरात्र में दो पहिया वाहनों के बाजार में उछाल आया है। पूर्व में बुकिंग कराने वाले नवरात्र पर शुभ मूहुर्त में वाहनों को अपने घर ले गए। रविवार को भी बुकिंग का सिलसिला जारी रहा। अब धनतेरस समेत अन्य त्योहारों के लिए बुकिंग शुरू की गई है। व्यापारियों के अनुसार, दो पहिया वाहनों के कुछ मॉडलों की कीमतों में गत वर्ष की तुलना में एक हजार से 1,500 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है।
इसके बावजूद ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कैशबैक और उपहार जैसे ऑफर दिए जा रहे हैं। बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को धनतेरस पर प्राथमिकता से डिलीवरी देने की तैयारी है।
इसी तरह इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है। फ्रिज, वाॅशिंग मशीन और टीवी जैसे उत्पादों पर छूट, कैशबैक और ईएमआई की सुविधा दी जा रही है। त्योहार के साथ शादी-विवाह का सीजन शुरू होने से बिक्री में तेजी आएगी।
दो पहिया वाहनों की बुकिंग धनतेरस के लिए लोग करा रहे हैं। कम से कम ढाई हजार रुपये का कैश बैक तक दिया जा रहा है। पांच सौ रुपये में बुकिंग कराने पर भी उपहार दिया जा रहा है।
-सिमरनजीत सिंह माटा, एमडी, दर्शन एंड संस
इलेक्ट्रानिक उत्पादों की खूब बिक्री हो रही है। धनतेरस के साथ आने वाले समय में शादियों के लिए लोग खरीदारी कर रहे हैं। फ्रिज, वाॅशिंग मशीन लोग खूब खरीद रहे हैं।
-हरमन बजाज, प्राेपराइटर-संत स्क्वायर
शाहजहांपुर में टाउन हॉल स्थित बाइक एजेंसी के शोरूम पर दो पहिया वाहन देखते लोग। संवाद
शाहजहांपुर में टाउन हॉल स्थित बाइक एजेंसी के शोरूम पर दो पहिया वाहन देखते लोग। संवाद