शाहजहांपुर। स्मार्ट सिटी बनने के बाद भी लोगों को पीने का पानी मयस्सर नहीं हो पा रहा है। नगर के आठ मोहल्लों में आपूर्ति बाधित होने से लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। दूसरी ओर कई अन्य मोहल्लों में भी लीकेज की समस्या होने के कारण गंदा पानी आ रहा है। यह पानी पीने के योग्य नहीं है। पानी की आपूर्ति नहीं होने से करीब दस हजार की आबादी प्रभावित है।
मोहल्ला सुभाषनगर, निसरजई, एमनजई जलालनगर, हाथीथान, अलीजई, महंमद जलालनगर, बाबूजई, चमकनी करबला आदि मोहल्लों में पानी की आपूर्ति बाधित चल रही है। करीब 15 दिन पहले मोटर खराब होने से चमकनी करबला की पानी की आपूर्ति ठप है। मोहल्ला बाबूजई में सड़क निर्माण के कारण लीकेज होने से आपूर्ति ठप है तो मोहल्ला सुभाषनगर में लीकेज होने के चलते पानी नहीं मिल पा रहा।
यहां पर 35 से अधिक स्थानों पर लीकेज की बात सामने आई है। सुबह और शाम को पानी की आपूर्ति आने पर कई जगह पर लीकेज से फव्वारे चलने लगते हैं। अन्य मोहल्लों में भी पुरानी और नई लाइन के चलते पानी का संकट गहराया हुआ है। अधिकतर पुरानी लाइन में पानी बहुत गंदा आ रहा है, जो पीने लायक नहीं है। नगर निगम के जलकल विभाग में लीकेज से संबंधित 30 से 40 शिकायत आ रहीं हैं। निगम इसका समय से समाधान नहीं कर पा रहा है।
जुर्माना और एफआईआर के बाद भी एजेंसी के कार्य में नहीं हुआ सुधार
अमृत योजना के तहत शहर में 185 करोड़ रुपये से 300 किमी लंबी पाइप लाइन बिछाने की स्वीकृति जल निगम को मिलने के बाद 28 अप्रैल 2025 को कार्य शुरू हुआ था। योजना के अंतर्गत पाइप लाइन डालकर 44 हजार से अधिक कनेक्शन किए जाने हैं। कार्य का जिम्मा ओम इंफ्रा को दिया गया। काम धीमी गति के चलते कंपनी पर तीन माह पहले एक करोड़ 80 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। इसके बाद भी कंपनी के कार्य में सुधार नहीं हुआ। अब दोबारा से 2.69 करोड़ का जुर्माना सितंबर माह में लगाया गया और तीन एफआईआर दर्ज कराई चुकी हैं। एजेंसी के माध्यम से आठ ओवरहेड टैंक और 21 नलकूपों का निर्माण कराया जाना था। जल निगम के अधिकारियों के मुताबिक, कंपनी को मई 2027 में पूरा करना है। अब तक कंपनी सिर्फ 40 प्रतिशत काम ही करा पाई है।
लोगों की बात
मोहल्ले में दो पाइप लाइन पड़ी हुई हैं। नई पाइप लाइन में करीब 15 दिन से पानी नहीं आ रहा है। पुरानी पाइप लाइन में सुबह थोड़ा बहुत पानी आ जाता है, लेकिन गंदा होने की वजह से पीने योग्य नहीं है।
- सचिन, चमकनी करबला
15 दिनों से घर में पानी नहीं आ रहा है। पानी के लिए सरकारी हैंडपंप का सहारा लेना पड़ रहा है। नलों का पानी घरेलू काम के लिए इस्तेमाल करते हैं। पीने के लिए सबमर्सिबल वाले घरों से अनुरोध करना पड़ता है।
- रामप्यारी, चमकनी करबला
मोहल्ले में 15 दिन पहले सड़क का निर्माण शुरू हुआ। इस दौरान लीकेज होने से पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। सुबह आसपास के घरों में लगे नलों या सबमर्सिबल से पानी लेकर गुजारा करना पड़ रहा है।
-फैयाज, बाबूजई
पानी की आपूर्ति ठप होने पर इसकी शिकायत क्षेत्र के पार्षद के माध्यम से कई बार नगर निगम में कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। पानी के लिए भटकना पड़ता है।
- अहमद हुसैन, बाबूजई
अमृत योजना 2.0 के तहत कार्य करा रही एजेंसी का काम काफी सुस्त है। संबंधित एजेंसी की रिपोर्ट फिर शासन को बनाकर भेजी गई है। प्रयास किया जा रहा है कि जल्द योजना का कार्य पूरा कराया जाए।
- मोहम्मद अयाज, अधिशासी अभियंता
नगर निगम में आने वाली लीकेज की शिकायतों के निस्तारण के लिए एक एजेंसी के माध्यम से मरम्मत कराई जा रही है। संबंधित एजेंसी के कार्य में ढिलाई की काफी शिकायत आ रहीं हैं। लीकेज सही कराने का कार्य कराया जा रहा है।
- विजय कुमार मौर्य, जीएम जलकल, नगर निगम
मोहल्ला चमकनी करबला में सूखी पड़ी पानी की टोटी। संवाद
मोहल्ला चमकनी करबला में सूखी पड़ी पानी की टोटी। संवाद
मोहल्ला चमकनी करबला में सूखी पड़ी पानी की टोटी। संवाद
मोहल्ला चमकनी करबला में सूखी पड़ी पानी की टोटी। संवाद
मोहल्ला चमकनी करबला में सूखी पड़ी पानी की टोटी। संवाद
मोहल्ला चमकनी करबला में सूखी पड़ी पानी की टोटी। संवाद