सुबह नौ बजे अड्डे से रवाना की जाती है बस
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। परिवहन निगम ने यात्रियाें को राहत देने के लिए शाहजहांपुर से बहराइच के लिए बस सेवा को शुरू कर दिया है। बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को राहत मिली है। पहले लोगों को टुकड़ों में सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ता था।
परिवहन निगम के बेड़े में 251 बसों का संचालन होता है। अधिक बसें होने के कारण निगम ने नए रूट बनाने शुरू कर दिए हैं। निगम ने शाहजहांपुर से बहराइच के लिए सीधे बस को शुरू किया है। बस से बहराइच से अयोध्या तक का सफर किया जा सकता है। बस शाहजहांपुर से जंगबहादुरगंज, जहानीखेड़ा, मैगलगंज, महोली, सीतापुर, बिसवां होते हुए बहराइच जाती है।
नई बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को टुकड़ों में सफर करने का संकट खत्म हो गया है। उन्हें काफी राहत मिली है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अरुण कुमार ने बताया कि प्रतिदिन सुबह नौ बजे बस को रवाना किया जाता है। यह बस बहराइच होते हुए अयोध्या तक जाती है। पूर्व में कोई सीधे बस नहीं थी।