शाहजहांपुर। सितंबर में सुस्त पड़े सराफा बाजार की रौनक त्योहारों के साथ लौटने लगी है। नवरात्र के बाद अब दीपावली और आने वाले सहालग को देखते हुए लोग गहनों की खरीदारी कर रहे हैं। सोने-चांदी के ऊंचे भाव के बीच ग्राहकों का जोर हल्के वजन की ज्वेलरी पर है।
एंटीक और फैंसी डिजाइन के गहनों के साथ हार, अंगूठी, टॉप्स और मंगलसूत्र की मांग भी बढ़ रही है। सोमवार को बाजार में सोने का भाव 1,49,000 रुपये और चांदी का भाव 2,17,000 रुपये दर्ज किया गया। कीमतें अधिक होने के कारण ग्राहक बजट के मुताबिक छोटे और हल्के आभूषण पसंद कर रहे हैं। वहीं, शादी-विवाह के लिए लोग अपनी पसंद के डिजाइन वाले गहने खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं।
हल्के वजन और एंटीक डिजाइन की ज्वेलरी की मांग ज्यादा है। कोयंबटूर की एमरलेंड कंपनी के आभूषणों की भी अच्छी मांग है। इनकी फिनिशिंग आकर्षक होने के कारण ग्राहक पसंद कर रहे हैं। फिलहाल छोटे आभूषणों की बिक्री अधिक है। दीपावली पर कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद है।
-चंदन रस्तोगी, राधा कृष्ण ज्वेलर्स, टाउनहाॅल रोड
वर्तमान में बाजार में सोने के भाव में ठहराव बना हुआ है। नवरात्र में अपेक्षित तेजी नहीं आई। अब सहालग के लिए लोग गहने खरीदने आने लगे हैं। फैंसी और हल्के डिजाइन के आभूषणों की मांग है। शादियाें के लिए लोग भारी आभूषणों को पसंद कर रहे हैं। दीपावली और शादी-विवाह के सीजन में बिक्री बढ़ेगी।
-अमित वर्मा, कैरेट-24, सदर बाजार
अमित वर्मा।
अमित वर्मा।