शाहजहांपुर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम की ओर से अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र के निर्देश पर मंगलवार को नगर निगम के कर अधीक्षक सदानंद के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने लाल इमली चौराहा से सुभाषनगर तिराहा तक सड़क से अतिक्रमण हटवाया।
विज्ञापन
इस मार्ग पर अधिकतर दुकानदारों व ठेले वालों ने सड़क पर अतिक्रमण कर रखा था। सड़क पर निर्माण सामग्री भी पड़ी मिली, जिसको बुलडोजर से हटवाया गया। निगम के अधिकारियों के मुताबिक पूर्व में ही दुकानदारों से स्वयं अतिक्रमण हटा लेने की अपील की गई थी, इस पर ध्यान नहीं दिया गया। जिसके बाद सामान जब्त करने की कार्रवाई अमल में लाई गई। इसके साथ ही करीब दस दुकानदारों से 12 हजार 300 रुपये जुर्माना भी वसूला गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन उनकी एक नहीं चली। नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र ने बताया कि अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा। दुकानदारों व प्रतिष्ठान संचालकों से अपील है कि सड़क पर अतिक्रमण न करें, जिससे जाम की समस्या से मुक्ति मिल सके।