देवकली। क्षेत्र के बरी गांव में घूम रहे सांड़ ने पांच लोगों को घायल कर दिया। बुधवार शाम कंधरपुर निवासी एक बुजुर्ग को भी सांड़ ने पीछे से उठाकर पटक दिया था। इससे ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने सांड़ को पकड़वाकर गोशाला भेजने की मांग की है।
बरी गांव निवासी बलिस्टर सिंह बुधवार शाम घर के सामने तार बांध रहे थे। इसी दौरान सांड़ ने उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस की मदद से उन्हें बंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बलिस्टर सिंह का आरोप है कि वहां से बिना इलाज किए ही जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बाद में उन्होंने निजी अस्पताल में इलाज कराया।
गांव के सियाराम, बीपी सिंह और अक्षय सिंह को भी सांड़ घायल कर चुका है। कंधरपुर निवासी प्रताप नारायण बंडा की चरणदास कॉलोनी में अपने पुत्र राजू के यहां आए थे। बुधवार शाम सांड़ ने उन्हें उठाकर पटक दिया। गंभीर हालत में उन्हें बंडा सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है। बीडीओ मनीष दत्त ने बताया कि सांड़ को पकड़वाकर सिमरा वीरान गोशाला भेजा जाएगा। संवाद