भाजपा से निष्कासित पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह की अबोध बेटी के संबंध में अमर्यादित और आपराधिक बोल बोलने वाले बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी समेत अन्य बसपा नेताओं पर पाक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग पर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिला भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट विजय शंकर दुबे को सौंपा। इससे पहले कचहरी स्थित जिला पंचायत आवासीय परिसर में भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ता जुटे। फिर जिलाध्यक्ष राकेश कुमार मिश्र अनावा की अगुवाई में ‘बेटी के सम्मान में, बीजेपी मैदान में’ के नारे लगाते हुए सभी कलक्ट्रेट पहुंचे।
कलक्ट्रेट गेट पर हुई सभा में जिलाध्यक्ष ने कहा कि बसपा सुप्रीमो दो जून 1995 का गेस्ट हाउस कांड भूल गई हैं। जब भाजपा नेता स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी ने प्रतिपक्षी दलों के गुंडों से उनकी आबरू और प्राण बचाए थे। भाजपा के बूते ही दो बार सूबे की सत्ता में आने की बात भी वह भूल गईं। भाजपा के नेता ने कोई गलत बयानी कर दी तो पार्टी ने उन्हें उसकी सजा दे दी, लेकिन जिस तरह की उनकी अबोध बेटी, पत्नी, बहन और मां के प्रति बसपा नेताओं ने अमर्यादित और आपराधिक नारे लगाते हुए बयानबाजी की उस पर उन नेताओं के खिलाफ कड़े कानूनी धाराओं में कार्रवाई तो बनती ही है। संचालन जिला महामंत्री डीपी सिंह राठौर ने किया। प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष सरोज गुप्ता, सुनीता कोविद सिंह, रम्मन गुप्ता, सुषमा सिंह, मंजू आनंद, जिला महामंत्री नवनीत पाठक, हरिप्रकाश वर्मा, डॉ. विजय जौहरी, जेपी मिश्रा, अरुण यादव चैनू, पवन सिंह, सर्वेश पाल, अनिल वाजपेयी बाण, मुकेश राठौर, सुचित सेठ, मनोज कश्यप, संजय गुप्ता, संजीव सिंह कनेंग, राजकमल वाजपेयी आदि शामिल थे।
बसपा नेताओं के खिलाफ दी तहरीर
शाहजहांपुर। भाजपा से निष्कासित नेता की बेटी के संबंध में अमर्यादित टिप्पणी करने पर बसपा के राष्ट्रीय और प्रदेश नेताओं के खिलाफ राष्ट्र स्वाभिमान ट्रस्ट ने शनिवार को सदर बाजार थाना में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। तहरीर देने वालों में ट्रस्ट की ओर से अशित पाठक, विनय मिश्रा, आशीष गुप्ता, पवन पांडेय, आनंद पांडेय, अभिलेख, आलोक, अवनीश, आशीष सक्सेना आदि शामिल थे।
मायावती अपने नेताओं पर रिपोर्ट कराएं, पार्टी से निकालें
शाहजहांपुर। दयाशंकर की नाबालिग बेटी के संबंध में बसपा नेताओं के अमर्यादित और लैंगिग अपराध बोधक बयान और नारे पर उत्तर प्रदेश ब्राह्मण समाज ने गंभीर संज्ञान लिया है। समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभात रंजन पांडेय ने शनिवार को मीडिया से कहा कि अपने प्रति अमर्यादित टिप्पणी करने वाले पर केस दर्ज करवाने वाली बसपा सुप्रीमो को चाहिए कि वह नाबालिग बेटी के प्रति कुत्सित मानसिकता से नारे लगाने वाले और भाषण देने वालों को पार्टी से निकालने के साथ ही उन सभी के खिलाफ पाक्सो समेत सभी संबंधित कड़े कानूनी धाराओं में केस दर्ज कराते हुए कार्रवाई की अनुशंसा करें। उन्होंने कहा कि बेटी हर वर्ग में और हर समाज में होती एवं उसका सम्मान हर हाल में होना चाहिए। बसपा नेता सतीश मिश्रा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पूरे मामले में उनकी अब तक की भूमिका भी निंदनीय है।
दयाशंकर के समर्थन में महान दल
शाहजहांपुर। बसपा सुप्रीमो के संबंध में अपने विवादास्पद बयान से पद और दल की सदस्यता गंवाने वाले दयाशंकर सिंह के पक्ष में महान दल शनिवार को सामने आया। महान दल के प्रदेश महासचिव सुनीत कुमार सिंह ने यहां प्रेसवार्ता कर कहा कि बसपा नेताओं द्वारा दयाशंकर की 12 वर्षीया बेटी को लेकर अमर्यादित, अभद्र टिप्पणी करना अति निंदनीय है। जरूरत पड़ने पर संगठन सड़कों पर भी उतरेगा। प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष मनोज मौर्य, मुकेश वर्मा, रघुनंदन मौर्य, रामस्वरूप कुशवाहा, महादेव कुशवाहा, रक्षपाल मौर्य आदि मौजूद थे।
अनुसूचित जाति- जनजाति विद्यार्थियों ने सौंपा ज्ञापन
शाहजहांपुर। प्रांतीय अनुसूचित जाति-जनजाति विद्यार्थी परिषद के सदस्य छात्र-छात्राएं शनिवार दोपहर खिरनी बाग से जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे और बसपा सुप्रीमो के प्रति दयाशंकर सिंह की अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश गौरव, जगदीश चंद्र, सियाराम दिनकर, करुणाकर हंस, विश्राम सिंह, विजय कुमार मस्ताना, संजीव कुमार, रजनीश कुमार, प्रमोद कुमार गौरव, प्रशांत राव, राजकुमार, राहुल राय, ममता, प्रेमा, ऐश्वर्या, सुनीता, प्रिया,पिंकी, प्रीती, नेमवती, रोली, आदेश कुमार आदि शामिल थे।
दयाशंकर सिंह की गिरफ्तारी की मांग
पुवायां। बसपा प्रमुख मायावती पर भद्र टिप्पणी करने के मामले में भाजपा नेता दयाशंकर सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बसपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व नगर अध्यक्ष रवि गुप्ता के नेतृत्व में शनिवार को गांधी पार्क में प्रदर्शन किया। इस मौके पर रिषभ गुप्ता, आकाश श्रीवास्तव, रोहित गुप्ता, पवनदीप सिंह, निहाल गुप्ता, अमित दीक्षित, अतुल राना, अमन वैश्य, मौसीम खां, मोनू रावत सहित तमाम लोग मौजूद रहे।