शाहजहांपुर। बीएसए दिव्या गुप्ता ने शिक्षक संगठन यूटा के अध्यक्ष विनीत गंगवार के तैनाती वाले प्राथमिक विद्याालय ददऊ का निरीक्षण किया। उनके निरीक्षण के बाद विनीत गंगवार ने बीएसए के साथ आए कंप्यूटर ऑपरेटर, बंडा पर निलंबन की धमकी देते हुए रुपये मांगने का आरोप लगाया। दूसरी ओर बीएसए ने शिक्षक पर दबाव बनाने की बात कही है।
शिक्षा विभाग और विनीत गंगवार में काफी समय से तनातनी चल रही है। बीएसए कार्यालय में शौचालय समेत कई कमियाें को सोशल मीडिया पर डालने पर उन्हें नोटिस जारी किया गया था। शनिवार को बीएसए दिन में 2:50 बजे उनके विद्यालय में पहुंच गईं। वहां निरीक्षण किया। बीएसए के अनुसार, स्कूल की शिक्षा की गुणवत्ता काफी निम्न मिली।
उनके जिला मुख्यालय पहुंचने से पहले ही विनीत गंगवार ने आरोप लगा दिया। बताया कि बीएसए अपने साथ नियमविरुद्ध तरीके से कंप्यूटर ऑपरेटर अखिल कुमार को लेकर आईं। आरोप है कि कंप्यूटर ऑपरेटर ने उन्हें निलंबन की धमकी देते हुए 20 हजार रुपये की मांग की। चेतावनी दी कि रुपये नहीं दिए तो कार्रवाई कर दी जाएगी।
यह भी कहा कि पूर्व में नोटिस दिए गए थे। अबकी निलंबन होगा तो सर्विस रिकाॅर्ड खराब हो जाएगा। आउटसोर्स के माध्यम से संविदा पर कार्यरत कंप्यूटर आपरेटर के जरिये शिक्षकों से उगाही की जा रही है।
यूटा अध्यक्ष पर विभागीय कार्रवाई होगी
बीएस दिव्या गुप्ता ने शनिवार को कई स्कूलों का निरीक्षण किया। बीएसए ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय ददऊ में निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक विनीत गंगवार ने विद्यालय का वीडियो बनाने पर सहयोगी स्टाॅफ को मना कर दिया। आरोप है कि विनीत गंगवार ने उनसे कहा कि उनके विद्यालय में निरीक्षण करने क्यों आईं हैं? अभद्र शब्दों का प्रयोग करते हुए निरीक्षण में बाधा पैदा की। बीएसए ने बताया कि सहायक अध्यापक पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय ग्वारी में गंदगी मिलने पर इंचार्ज अध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा है।
विनीत के स्कूल में काफी अव्यवस्थाएं मिली हैं। निरीक्षण के समय शिक्षामित्र समेत अन्य स्टाॅफ व गांव वाले भी थे। रुपये मांगने की बात उस समय क्यों नहीं बताई। दबाव बनाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
-दिव्या गुप्ता, बीएसए