शाहजहांपुर पोस्टमॉर्टम हाउस पर गुमसुम खड़े मृतक शिवसरन के परिजन। स्रोत: जागरुक पाठक
शाहजहांपुर। बहन की विदाई के बाद बाजार जा रहे भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई। पीछे बैठा उसका बहनोई घायल हो गया। एक दिन पूर्व गूंजी शहनाई की खुशियां मातम में बदल गईं।
शनिवार को थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव सिंगराह सिंगरई निवासी हरद्वारी लाल की बेटी सुमन देवी की शादी थी। रविवार सुबह सुमन की विदाई की गई। इसके बाद घर पर रुके मेहमानों के लिए खाना बनाया गया। पूर्वाह्न करीब 11 बजे हरद्वारी लाल का 35 वर्षीय बेटा शिवसरन अपने बहनोई विमल के साथ बाइक से बाजार से पत्तलें खरीदने के लिए जा रहा था। गांव आटा खुर्द तिराहे के पास उसकी बाइक एक ई-रिक्शा से टकरा गई। हादसे में शिवसरन व उसका बहनोई विमल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल ले गई। वहां से दोनों को राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। यहां डाॅक्टर ने शिवसरन को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद विमल को वार्ड में शिफ्ट कर दिया। खबर सुन मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिजन शव को देख बिलख पड़े। साथ में आए लोगों ने मृतक के परिजनों को संभाला।
-
उजड़ा मांग का सिंदूर, बिखर गए बच्चों के सपने
- शिवसरन मेहनत मजदूरी कर पत्नी अंगूरा देवी व दो बच्चों का भरण-पोषण करते थे। बहन की विदाई के बाद वह मेहमानों को खाना खिलाने के लिए पत्तलें खरीदने के लिए बाजार जा रहे थे। रास्ते में काल बनकर आए ई-रिक्शा ने उसकी जिंदगी छीन ली, जिससे उसकी पत्नी की मांग का सिंदूर उजड़ गया। उसके बच्चों के सपने बिखर गए।