मिर्जापुर/कलान। फर्रुखाबाद-मुरादाबाद स्टेट हाईवे पर मिर्जापुर थाने के पास रविवार की शाम जलालाबाद की ओर से सवारियां लेकर आ रहे ऑटो से तेज रफ्तार डीसीएम मिनी ट्रक पीछे से टकरा गया। हादसे में ऑटो से बहन के घर शादी समारोह में भात पहनाने की रस्म निभाने जा रहे निगोही क्षेत्र के गांव पराग निवासी सोबरन लाल के 25 वर्षीय पुत्र सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। ऑटो पर सवार चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने हादसे के बाद डीसीएम मिनी ट्रक लेकर भाग रहे उसके चालक को पीछा करके पकड़ लिया।
हादसे के दौरान ऑटो पर सवार सुनील की मां अखिलेशा देवी ने बताया कि उनकी पुत्री की ससुराल पृथ्वीपुर कुबेरपुर में एक विवाह समारोह होना है। पुत्री के मायके की ओर से भात की रस्म पूरी करने के लिए वह पुत्र के साथ बेटी की ससुराल जा रही थीं। हादसे में ऑटो पर सवार मिर्जापुर क्षेत्र के गांव सिंघापुर निवासी राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने सभी घायलों को जरियनपुर सीएचसी में भर्ती कराया। वहां गंभीर रूप से घायल राजकुमार को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
हादसे में जवान बेटे की मौत से अखिलेशा देवी बदहवास हो गई हैं। मिर्जापुर की थाना प्रभारी सोनी शुक्ला ने बताया कि हादसे के बाद भाग रहे डीसीएम चालक को पीछा कर ढाई गांव के पास पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।