खुटार। बिजलीकर्मियों की भारी लापरवाही के चलते पांच सौ से अधिक घरों के उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में सात घंटे तक भारी परेशानी उठानी पड़ी। सुबह पौने सात बजे बिजली सप्लाई शुरू हो सकी।
मोहल्ला देवस्थान, पूर्वी गढ़ी और रायटोला में बिजली सप्लाई के लिए देवस्थान मंदिर के पास ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। रात लगभग साढ़े ग्यारह ट्रांसफॉर्मर से जंपर टूट जाने से तीनों मोहल्लों की बिजली सप्लाई रात साढ़े 11 बजे ठप हो गई। किसी कर्मचारी ने मौके पर पहुंचकर जंपर जोड़ने की जरूरत नहीं समझी। इससे लोग कुछ ही देर में भीषण गर्मी से बिलबिला उठे। जिन घरों में इन्वर्टर थे, वहां भी कुछ घंटे बाद बैटरी डाउन होने से बिजली बंद हो गई। मच्छरों ने भी लोगों को सोने नहीं दिया।
रात भर लोग बिजली आने के इंतजार में रहे, लेकिन बिजली कर्मियों ने भारी लापरवाही बरतते हुए फॉल्ट सही करने की कोई कोशिश नहीं की। सुबह पौने सात बजे बिजली सप्लाई चालू की गई। सवा सात बजे बिजली फिर से गुल हो गई और साढ़े सात बजे बिजली सप्लाई शुरू की गई। उपभोक्ताओं का कहना है कि कर्मचारी रात में जंपर जोड़ देते तो परेशानी नहीं उठानी पड़ती।
जेई अवधेश कुमार ने बताया कि गर्मी के कारण तार टूटते रहते हैं। कर्मचारी पूरे मन से काम करते हैं। देवस्थान के पास समस्या हुई थी, जिसे सुबह सही करा दिया गया है।