शाहजहांपुर। शादियों के सीजन में हैंडबैग की खरीदारी में उछाल आया है। महिलाएं ब्राइडल व नगजनित हैंडबैग ज्यादा पसंद कर रही हैं। इनकी कीमत भी तीन सौ से लेकर चार से पांच हजार तक हैं। दुकानदारों के अनुसार, छोटे और बड़े दोनों प्रकार के बैग महिलाएं व युवतियां खरीद रही हैं।
सदर बाजार, बहादुरगंज, चूड़ी वाली गली, चौक, जलालनगर बजरिया में छोटी-बड़ी 80 दुकानें हैं, जहां पर महिलाओं के बैग बिकते हैं। शादी के सीजन को देखते हुए व्यापारियों ने पहले से तैयारी कर ली थी। उन्होंने दिल्ली से बैगों की खेप मंगाई थी। व्यापारियों के अनुसार, ब्राइडल वाले बैग सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। इसमें जरकन नग लगे होने के कारण दूर से चमकते हैं। इसके चलते इनकी काफी मांग है। बरातों में लहंगे के रंग के हिसाब से दुल्हन को ये ही दिए जाते हैं। इनकी कीमत छह सौ से पांच हजार रुपये तक है। टोड बैग बड़े होने के कारण काफी सामान आ जाता है। इन्हें महिलाएं काफी खरीद रही है। युवतियों में साइडर बैग की ज्यादा मांग है। यह तीन सौ से आठ सौ रुपये तक में उपलब्ध है। इनके अलावा बाजार में ट्रैपीज, क्लच, बॉलर, शॉपर, डफल, सैचल, बकेट, गोल्ड क्लच बैग और सिल्वर क्लच बैग भी खरीदे जा रहे हैं।
-बरातों को देखते हुए दिल्ली से बैगों को मंगाया था। लगभग पिछले एक महीने से शादियां चल रही हैं। ऐसे में बैगों की खूब खरीदारी हो रही है। महिलाएं व युवतियां हल्के और खूबसूरत बैग खरीदना पसंद करती हैं।
रेहान खान, बैग व्यापारी
-कई तरह के बैगों की बाजार में काफी ज्यादा मांग है। शादियों के चलते बाजार में उछाल आया है। वर्तमान में यूनीफॉर्म के हिसाब से बैग खरीदने का ज्यादा ही उत्साह है।
मोहम्मद शरीफ, व्यापारी
शाहजहांपुर में बहादुरगंज में दुकान पर सजे पर्स। संवाद
शाहजहांपुर में बहादुरगंज में दुकान पर सजे पर्स। संवाद