निगोही-शाहजहांपुर। क्षेत्र के गांव जेबां मुकुंदपुर गांव में शनिवार को 11 वर्षीय बालक रहस्मय ढंग से लापता हो गया। बालक के अपहरण की सूचना पर रात में अधिकारी पहुंचे और पूरे मामले की जांच कर अज्ञात में मुकदमा दर्ज करा दिया। रविवार को 40 लाख की फिरौती का मेसेज आने के बाद पुलिस अलर्ट हो गई। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने बालक को बरामद कर लिया। अपहरण की पटकथा उसके बड़े भाई ने रची थी।
शनिवार को दोपहर दो बजे बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। अंतिम बार उसे पैगा तालाब के निकट पाकड़ पेड़ की कलियां तोड़ रहे बच्चों के साथ देखा गया है। जिसके बाद वह गायब हो गया, परिजन उसको ढूंढने निकले, लेकिन कोई पता नहीं चला। देररात पुलिस को सूचना दी गई। निगोही थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने गांव पहुंचकर विनय को तलाश कराया। सीओ सदर अखंड प्रताप सिंह व एसपी सिटी संजय कुमार भी गांव में पहुंचे। पुलिस तालाब को देखकर बालक के डूबने की आशंका जता रही थी। काफी प्रयास के बाद भी बालक के नहीं मिलने पर पुलिस ने रात में थाने पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई थी।
सुबह बच्चे के पिता वीरेंद्र मिश्रा के पास 40 लाख रुपये की फिरौती का मेसेज आया। उसमें लिखा था कि बच्चा चाहिए तो रुपये दे दो। सूचना आने के बाद पुलिस अलर्ट हो गई। एसपी सिटी संजय कुमार के निर्देशन में निगोही पुलिस ने सर्विलांस की मदद ली। पुलिस ने शाहजहांपुर के मोहल्ला भारद्वाज से बच्चे को बरामद कर लिया, साथ ही उसका सगा भाई भी पकड़ लिया। बच्चे का बड़ा भाई नाबालिग है, वह शहर के एक इंटर कॉलेज में पढ़ता है। उसी ने रुपयों के लिए पिता को मेसेज भेजा था।
-------------------
-सगा भाई ही बच्चे को अपने साथ चुपके से शाहजहांपुर स्थित कमरे में ले आया था। उसी ने 40 लाख रुपये की फिरौती का मेसेज किया था। आरोपी को पकड़ लिया गया। हालांकि, परिजन कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं।
संजय कुमार, एसपी सिटी।