शाहजहांपुर। गढि़यारंगीन थाना क्षेत्र के दमड़िया गांव के रहने वाले सात वर्षीय दिव्यांशु की रविवार शाम रामगंगा नदी के पास पानी से भरे गड्ढे में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। मासूम के शव को देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजनों के अनुसार, पिता मुकेश की मौत के बाद दिव्यांशु को उसकी मां छोड़कर चली गई थी। दिव्यांशु अपने बाबा श्रीनिवास के साथ ही रहता था। रविवार को दिव्यांशु अपने बाबा के साथ खेत पर गया था। बैटरी डाउन होने पर दिव्यांशु ने मोबाइल अपने बाबा को दे दिया और नहाने के लिए चला गया।
उसके नहाने की बात बाबा को पता नहीं चली। इस दौरान गांव के अन्य बच्चे जब खेत पर गए तो उन्होंने नदी किनारे गड्ढे में भरे पानी के पास कपड़े पड़े देखे। बच्चों से हुई जानकारी के बाद खेतों पर काम कर रहे लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद दिव्यांशु को गड्ढे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। उसे देख उसके बाबा बिलख पड़े। बाबा के अनुसार, पौत्र कक्षा एक में पढ़ता था।