शाहजहांपुर। डीएम पुष्पा सिंह ने सोमवार को विकास भवन में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जिले की ‘बॉ’ स्कूलों में पढ़ने वाली मेधावी छात्राओं को सोलर लालटेन वितरित कीं। जिले के 16 स्कूलों में पढ़ने वाली कक्षा छह से आठ तक की उन सभी 144 छात्राओं को सोलर लालटेन का तोहफा मिला जिन्होंने कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किए। इस अवसर पर डीएम और सीडीओ टीके शिबु समेत अन्य अधिकारियों ने ‘बॉ’ स्कूलों के साप्ताहिक पाठ्यक्रम विभाजन और सामान्य ज्ञान के नवनिर्मित पाठ्यक्रम से संबंधित पुस्तिकाओं का विमोचन किया।
पुस्तिकाओं का विमोचन करते हुए डीएम ने कहा कि गांवों में परिषदीय प्राथमिक और जूनियर स्कूलों का निरीक्षण करने पर पता चला कि बच्चे सही ढंग से कोई उत्तर नहीं दे पाते। पूछे गए प्रश्नों की उन्हें प्राथमिक जानकारी तक नहीं होती। कुछ बच्चों का पढ़ाई के मामले में आत्म विश्वास इतना कमजोर होता है कि वे डरे-सहमे दिखते हैं और उनकी आवाज भी नहीं निकलती। इसी समस्या को दूर करने के लिए ‘बॉ’ स्कूलों में सामान्य ज्ञान पाठ्यक्रम लागू किया गया है।
साप्ताहिक पाठ्यक्रम पुस्तिका को डीएम ने उन बच्चों के लिए बेहद उपयोगी बताया जो पढ़ाई में कमजोर हैं और पिछले पाठ याद नहीं कर पाए। ऐसे बच्चों को पुस्तिका में दिए गए पाठ्यक्रम के अनुसार सप्ताह वार शिक्षित किया जाएगा। डीएम ने मेधावी छात्राओं को आशीष देते हुए कहा कि ऐसे बच्चों के घरों में जरूरत होने पर शौचालय बनवाए जाएंगे और आवास हीन छात्राओं के परिवारों को विभिन्न योजनाओं से आवास मुहैया कराए जाएंगे।
विद्याधर पांडेय के संचालन में हुए कार्यक्रम में नेडा के परियोजना अधिकारी खुर्शीद फारूख, सहायक सूचना निदेशक केएल चौधरी, सोहन शुक्ला, कस्तूरबा स्कूलों की वार्डन, छात्राएं आदि मौजूद रहीं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार ने सभी का आभार जताया।