हाईवे पर हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बोलेरो को हटाती क्रेन। संवाद
तिलहर (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर धनेला पल्टू सरयू पुलिया के पास बृहस्पतिवार दोपहर गलत दिशा में आए ट्रक से बोलेरो गाड़ी टकरा गई। बोलेरो में सवार बरेली के थाना बहेड़ी क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी तारिक की डेढ़ वर्षीय बेटी जहरा की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।
दानिश ने बताया कि परिवार के अतीक अहमद और उनकी मां को बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे हज पर जाने के लिए लखनऊ एयरपोर्ट छोड़कर, परिवार के सदस्यों के साथ घर लौट रहे थे। दोपहर करीब एक बजे जैसे ही तिलहर थाना क्षेत्र में धनेला पल्टू सरयू पुलिया के पास पहुंचे तभी सामने से गलत दिशा में आए तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर लगने से बोलेरो में सवार शाहनवाज, अल्तमस, इलमा, सवा, शमा, इरम और जहरा आदि गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन परिजन सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए निजी एंबुलेंस से बरेली ले जा रहे थे। तभी रास्ते में तारिक की डेढ़ वर्षीय बेटी जहरा ने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद करीब आधा घंटा हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्रेन से क्षतिग्रस्त बोलेरो को हटवाकर यातायात बहाल कराया। सीओ ज्योति यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक गलत दिशा में आने से हादसा हुआ है। ट्रक कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे पर हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बोलेरो को हटाती क्रेन। संवाद