शिवा उर्फ प्रभात पांडेय का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
खुदागंज (शाहजहांपुर)। मौसी के घर रामपुर नवदिया में रह रहे हरदोई जिले के थाना हरपालपुर क्षेत्र के लक्ष्मनपुर गांव निवासी शिवा उर्फ प्रभात पांडेय (20) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रविवार दोपहर उनका शव गांव अकबरी स्थित गैस एजेंसी के पीछे आम के पेड़ से लटका मिला।
मृतक के मौसेरे भाई अभिषेक शुक्ला ने बताया कि शिवा के पिता की मौत हो चुकी है। मौसी अपने बड़े बेटे के साथ लखनऊ में रहती हैं और शिवा करीब छह साल से उनके साथ रहते थे। वह जैन इंटर कॉलेज से हाईस्कूल कर रहे थे। रविवार सुबह करीब दस बजे शिवा नाश्ता करने के बाद स्कूली साथियों के साथ स्कूटी से घूमने के लिए निकल गए।
करीब एक घंटे बाद घर आए तीन लोगों ने शिवा की मौत की सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे परिजन पेड़ से लटके शिवा के शव को देख बिलख पड़े। उसके गले में अंगौछे का फंदा पड़ा था। परिजनों ने बताया कि शिवा सुबह दौड़ लगाते थे। क्रिकेट खेलने के भी शौकीन थे। शिवा के पास कोई मोबाइल नहीं था।
घर पर सूचना देने के लिए आए तीन युवक कौन थे? उनका कुछ सुराग नहीं लग रहा है। मामले में पुलिस ने दो लोगाें को हिरासत में लिया है। क्षेत्राधिकारी तिलहर विदुष सक्सेना ने बताया है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।