सिंधौली। छह दिन पूर्व खन्नौत नदी में डूबे महाऊ दुर्ग निवासी 45 वर्षीय रामसेवक उर्फ सुखदेव का शव रविवार सुबह रोजा थाना क्षेत्र में बिलरिया पुल के पास उतराता मिला।
परिजनों के अनुसार, रामसेवक खन्नौत नदी स्थित अपने खेत में लगी फसल की रखवाली के लिए मचान पर सोते थे। बुधवार सुबह करीब चार बजे उन्होंने पत्नी सुनीता से पानी पीने की बात कही और नदी की ओर चल दिए। पैर फिसलने से वह नदी में डूब गए।
सुनीता की सूचना पर ग्रामीणों ने नदी में उनकी काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम भी शुक्रवार तक उनकी तलाश में जुटी रही। रविवार सुबह उनका शव मिलने के बाद यूपी-112 पुलिस मौके पर गई। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह ने बताया कि सूचना पर शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया है। संवाद