तिलहर में नदी में शव मिलने पर मौके पर निरीक्षण करतीं सीओ ज्योति यादव। संवाद
तिलहर। दो दिन पूर्व घर से लापता हुए मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के गांव अहिया मोहनापुर के सुधीर (21) का शव चित्तीबोझी गांव के पास गर्रा नदी में उतराता मिला। परिजनों के मुताबिक वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था।
महेंद्र का बेटा सुधीर दो अप्रैल को शाम करीब 4:30 बजे घर से बिना बताए निकल गया था। देर रात तक वापस न आने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट मीरानपुर कटरा थाने में दर्ज कराई।
परिजनों के मुताबिक सुधीर मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अक्सर इधर-उधर निकल जाता था। रविवार को ग्रामीणों ने चित्तीबोझी गांव के पास गर्रा नदी किनारे एक शव उताराता देखा। सूचना मिलने पर सीओ ज्योति यादव और कटरा थाने के प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया।
घटना की सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान सुधीर के रूप में की। उसकी मौत से मां गीता देवी, भाई सोनू और बहनें रीमा व मनोरमा का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ ज्योति यादव ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मृत्यु का कारण स्पष्ट होगा। अगर परिजन कोई आरोप लगाते हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
तिलहर में नदी में शव मिलने पर मौके पर निरीक्षण करतीं सीओ ज्योति यादव। संवाद