तिलहर (शाहजहांपुर)। दो दिन से लापता तिलहर के गोबरसंड़ा गांव निवासी 40 वर्षीय किसान रामकिशोर का शव मंगलवार सुबह गर्रा नदी में उतराता मिला। शव की हालत देख राजेश्वरी ने पति रामकिशोर की हत्या का आरोप लगाया है। सीओ तिलहर ज्योति यादव ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की।
राजेश्वरी ने बताया कि उनके पति रामकिशोर खेतीबाड़ी कर परिवार का भरणपोषण करते थे। रविवार की सुबह पति ने चाय पी और फिर दोस्त के साथ टहलने के लिए निकल गए। शाम तक जब पति घर नहीं आए तो चिंता हुई। इसके बाद बच्चों के साथ पति की तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका।
रिश्तेदारियों में भी फोन कर पता किया, लेकिन सभी ने मना कर दिया। सोमवार को भी पूरे दिन पति की तलाश करते रहे। मंगलवार सुबह थाने में पति की गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए जा रहे थे, तभी ग्रामीणों से पता चला कि घर से तीन किलोमीटर दूर गर्रा नदी में शव पड़ा है। तुरंत परिवार के लोगों के साथ मौके पर आए।
इस बीच पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। राजेश्वरी ने बताया कि उनके पति की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। परिवार में कोई मनमुटाव भी नहीं था। आरोप है कि पति को मारा गया है। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम से मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। अभी उन्हें कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
दीपावली से पहले बिखर गईं खुशियां
दीपावली को लेकर घर में तैयारियां चल रहीं थीं। रामकिशोर की मौत से उनके परिवार की खुशियां बिखर गईं। पत्नी राजेश्वरी, पुत्र राहुल, अरुण, सुरजीत, पुत्री ममता, सोनम, स्वाति, दिव्यांशी व चांदनी का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। मृतक के परिजनों की हालत देख ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।