शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय भगवानदास की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रविवार रात उनका शव राजकीय मेडिकल कॉलेज गेट के पास पड़ा मिला। मृतक के भाई ने शव की हालत देख हत्या की आशंका जताई है।
थाना आरसी मिशन क्षेत्र के चमकनी गढ़ी गाड़ीपुरा निवासी विनीत कुमार ने बताया कि भाई भगवानदास मोहल्ला अब्दुल्लागंज में कालीन बुनकर का कार्य करते थे। रविवार की सुबह करीब दस बजे भाई अपनी पत्नी पूनम, बेटी कोमल व बेटे देवा के साथ घर पर आए थे। करीब घंटे रुकने के बाद दोपहर करीब एक बजे भाई अपने घर जाकर कार्य पर चले गए थे।
देर शाम तक भाई घर नहीं आए, तब भाई की चिंता हुई। परिवार के लोगों ने तलाश शुरू की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। रात करीब 11 बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज गेट के पास भाई का शव पड़ा मिला। उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। फिर भी अनहोनी की आशंका जताई है। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।