शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी गई है। 24 मार्च से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों की परीक्षा शुरू होगी। इसको लेकर तैयारियों को तेज कर दिया गया है।
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 24 मार्च से एक साथ शुरू होंगी और 12 अप्रैल तक चलेंगी। परीक्षा के लिए जिले में इस बार 129 केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के करीब 70 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें हाईस्कूल के 40 हजार और इंटरमीडिएट में लगभग 30 हजार परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षाएं दो पालियों ही में होंगी। पहली पाली सुबह आठ बजे से पूर्वाह्न 11:15 बजे तक था दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम 05:15 बजे तक चलेगी।
केंद्रों पर सीसीटीवी, वायस रिकॉर्डर, चहारदीवारी, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा आदि व्यवस्थाओं को दुरुस्त करा दिया गया। इसका जायजा डीआईओएस की ओर से निरीक्षण किया जाएगा। डीआईओएस शौकीन सिंह यादव ने बताया कि परीक्षाओं को लेकर विभाग की ओर से तैयारी पूरी है। दोनों कक्षाओं का पाठ्यक्रम पहले ही पूर्ण कराया जा चुका है।
रिवीजन भी हो चुका है। परीक्षार्थियों की मदद के लिए विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जा चुके हैं। विधानसभा चुनाव की मतगणना के बाद बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।