राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती पुवायां के गांव नहिलोरा में पिटाई से घायल स्कूल वाहन चालक शिवराम
पुवायां। सड़क पर हाॅर्न बजाना इतना नागवार गुजरा कि चार लोगों ने स्कूल वाहन के चालक को गाड़ी से खींच लिया और घर के अंदर ले जाकर लोहे की राॅड से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चालक के पिता का आरोप है कि आरोपियों ने वाहन को भी जलाने का प्रयास किया, लेकिन गांव के लोग और पुलिसकर्मी इससे इन्कार कर रहे हैं। मारपीट होने से वाहन में बैठे बच्चे बेहद डर गए और चीखने-चिल्लाने लगे। घायल चालक का राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
गांव मरेना निवासी राजेंद्र ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र शिवराम एक स्कूल में बच्चों को लाने वाला वाहन चलाने का काम करता है। सात अप्रैल की सुबह साढ़े सात बजे शिवराम स्कूल वाहन से बच्चों को लेने गांव नहिलोरा खुर्द गया था। कई बच्चे वाहन में पहले से बैठे थे। हॉर्न बजाने पर गांव नहिलोरा खुर्द के पंकज, विवेक, पिंटू और निखिल उर्फ कल्लू ने गाली-गलौज करते हुए उनके पुत्र को गाड़ी से नीचे खींच लिया और पीटना शुरू कर दिया।
मारपीट होने पर स्कूल वाहन में बैठे बच्चे रोने-चिल्लाने लगे। इस पर आरोपी उनके पुत्र को अपने घर में खींच ले गए और बंधक बनाकर जान से मारने की नीयत से लोहे की राॅड से कई प्रहार कर गंभीर घायल कर दिया। किसी तरह शिवराम आरोपियों के चंगुल से छुटकर भागा और कुछ दूर जाकर बेहोश होकर गिर गया। लोगों ने उनके पुत्र को बचाया।
आरोपियों ने स्कूल वाहन जलाने का प्रयास किया। इसके बाद आसपास के लोगों ने ही उनके पुत्र को सीएचसी भिजवाया। उनको जानकारी हुई तो वह थाने आए हैं। थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि वाहन चालक और विपक्षियों की कुछ पुरानी रंजिश चल रही थी। शिवराम बच्चों को लेने गांव गया था। आरोपियों ने देख लिया और पीटकर घायल कर दिया। कार्रवाई की जा रही है।
पता नहीं क्यों नाराज हो गए आरोपी
शिवराम ने बताया कि वह रोज स्कूल वाहन लेकर आता है और बच्चों को बुलाने के लिए मोड़ पर आकर हॉर्न बजाता है। सात अप्रैल को भी उन्होंने रोजाना की तरह ऐसा ही किया। विवाद के बाद पहले गाड़ी के पास और बाद में घर के अंदर खींच कर पीटा गया है।