शाहजहांपुर। रेलवे ट्रैक को मजबूत करने को लिए गए ब्लॉक के कारण डाउन लाइन की कई ट्रेनें घंटों फंसी रहीं। इसके चलते अमृत भारत एक्सप्रेस और त्रिवेणी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का यात्रियाें को लंबा इंतजार करना पड़ा। पूछताछ काउंटर पर यात्रियाें की भीड़ के साथ ही प्लेटफॉर्म पर भी मुसाफिर भटकते रहे।
शनिवार को दोपहर में 12 बजे से यार्ड में काम शुरू किया गया। इसी तरह मीरानपुर कटरा स्टेशन के पास भी कार्य होने के कारण डाउन लाइन की ट्रेनें ब्लॉक में फंस गईं। टनकपुर से चलने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस विलंब से चलाई गई। इसके चलते ट्रेन दोपहर में 12:38 बजे के स्थान पर शाम 7:36 बजे आई।
ट्रेन के इंतजार में यात्री परेशान हो गए। अमृत भारत ट्रेन पूर्वाह्न 11:48 बजे आती है, यह शाम को 6:48 बजे आई। गुवाहाटी अमरनाथ एक्सप्रेस भी 11:35 बजे के बजाय शाम 5:49 बजे पहुंची। कोलकाता एक्सप्रेस ने भी यात्रियों को खूब इंतजार कराया। ट्रेन दोपहर सवा एक बजे के बजाय शाम साढ़े छह बजे आई। अवध असम एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे विलंब से शाम छह बजे आई।