फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: आंधी और बारिश के बाद निकली तेज धूप, उमस से बेहाल हुआ जनजीवन

विज्ञापन
कुर्रिया कलां में आंधी से रामरहीस के घर पर गिरा नीम का पेड़।संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। तेज आंधी के साथ हुई बारिश से न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री घटकर 23.9 डिग्री सेल्सियस हो गया। इससे आधी रात के बाद मौसम ठंडा हो गया। शुक्रवार को सुबह कुछ देर बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना रहा। हवा में नमी का स्तर बढ़ जाने से दिन में अधिकतम तापमान भी 2.3 डिग्री कम होकर 34.7 डिग्री सेल्सियस हो गया, लेकिन दोपहर तक धूप तेज होने से उमस ने जनजीवन को बेहाल कर दिया। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार वायुदाब में भारी वृद्धि को देखते हुए शनिवार को भी आंधी के साथ बारिश होने के आसार हैं।
विज्ञापन

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने बृहस्पतिवार को 100 किमी प्रति घंटे के रफ्तार से तेज आंधी आने का रेड अलर्ट जारी किया था। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया समेत अन्य माध्यमों से मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए जन सामान्य को सतर्क किया था। यही वजह रही बृहस्पतिवार की रात करीब 9:30 बजे से बिजली चमकने और हवा के झोंके तेज होते ही लोग घरों के अंदर चले गए।
कुछ ही देर में हवा के झोंके अंधड़ में बदल गए। करीब 60 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी अपने साथ बादल भी ले आई और बारिश होने लगी। बारिश से धूल-मिट्टी बैठ जाने के साथ तापमान में गिरावट आ जाने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल गई। सुबह सूर्योदय के बाद तक बादल छाए रहने से मौसम ठंडा बना रहा। इस वजह से आधी रात के बाद लोगों ने एसी-कूलर बंद कर दिए।
विज्ञापन

शुक्रवार को सुबह दस बजे के बाद बादल हटने पर जैसे-जैसे सूरज चढ़ा, धूप तीखी होती चली गई। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार रात में बारिश बहुत कम हुई। इसी वजह से दिन में धूप निकलने पर वातावरण में बढ़ी नमी उमस में बदल जाने से दिन में गर्मी ज्यादा महसूस हुई।
उन्होंने बताया कि तूफान जनपद की दक्षिणी-पश्चिमी पट्टी को स्पर्श करते हुए आगे पूर्वांचल की ओर निकल गया, लेकिन शुक्रवार की शाम बैरोमीटर सूचकांक सामान्य से 23 अंक बढ़ गया है। वायुदाब में हुई इस वृद्धि से शनिवार को दिन में आंधी आने और बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
-
जिंदगी की थी आस, बेटा मौत की नींद सो चुके पिता को लेकर पहुंचा सीएचसी

शाहजहांपुर। मिर्जापुर के भरतापुर चिकटिया गांव निवासी 60 वर्षीय प्रेमपाल की बृहस्पतिवार रात आंधी के दौरान गिरी दीवार के मलबे में दबकर मौत हो गई थी। उन्हें मलबे से निकालकर बेटा दिनेश सीएचसी लेकर पहुंचा। उसे सांस चलती प्रतीत हो रही थी। डॉक्टर ने पिता को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे दिनेश के अनुसार, बृहस्पतिवार की रात पिता मुख्यद्वार पर पड़ी झोंपड़ी में लेटे हुए थे। रात करीब 9:45 बजे आंधी-बारिश के दौरान तेज बिजली कड़कने के बाद पेड़ दीवार पर गिरा। दीवार के मलबे में झोंपड़ी में लेटे प्रेमपाल दब गए। तेज आवाज होते ही कमरे से बाहर आए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर पिता को बाहर निकाला। पिता की सांसें चलती मानकर उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां डाॅक्टर ने जांच कर पिता को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम हाउस पर परिजनों ने बताया कि अभी दो माह पूर्व ही प्रेमपाल ने अपनी बड़ी बेटी शिवानी की शादी बदायूं जिले के थाना उसावां क्षेत्र के नगरिया निवासी युवक के साथ की थी। मृतक के इकलौते बेटे दिनेश, बेटी शिवानी, शिखा, सुधा का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है।
-
छप्पर गिरने से महिला का पैर टूटा, पेड़ गिरने से भैंस मरी
जलालाबाद। तेज आंधी से बृहस्पतिवार की रात नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर सरकारी और आमजन की संपत्ति का काफी नुकसान हुआ। धिंयरा गांव में एक भैंस पेड़ गिरने से भैंस मर गई और कोठा मंझा गांव में छप्पर गिरने से नीचे लेटी महिला का पैर टूट गया। कई जगह बिजली के खंभे और तार टूटने से पूरी रात बत्ती गुल रही। कई गांवों में तो शुक्रवार शाम तक बिजली आपूर्ति चालू नहीं हो सकी।
रामताल मार्ग पर एक मकान में लगा काफी बड़े आकार का शीशा लोहे के फ्रेम सहित मार्ग पर गिरने से कई घंटे यातायात बाधित रहा। इस दौरान शीशे का फ्रेम टकराने से पास के एक मकान का छज्जा क्षतिग्रस्त हो गया। रामलीला मैदान, बारहपत्थर मार्ग और मोहल्ला बगिया में पेड़ टूटकर गिरने से बिजली की हाईटेंशन लाइनें क्षतिग्रस्त होने के साथ नगर की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। शुक्रवार को सुबह कुछ स्थानों पर तो नगर के आधे हिस्से की बिजली आपूर्ति दोपहर बाद शुरू हो पाई। खंडहर, ठिंगरी, सुजावलपुर आदि गांवों में जगह-जगह तार और खंभे टूटने से ठप हुई बिजली आपूर्ति शुक्रवार शाम तक सामान्य नहीं हो सकी।
आंधी के दौरान धिंयरा गांव में पेड़ टूटकर गिरने से आलोक कुमार की भैंस दबकर मर गई। संगहा गांव में राजवीर के घर की दीवार गिरने से वहां बंधी उनकी भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई। कोठा मंझा गांव में छप्पर गिरने से उसके नीचे लेटी वीरेश की पत्नी मीना घायल हो गईं और उनका एक पैर टूट गया। उन्हें सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
गांव कुंवरपुर बांक में आंधी के दौरान प्राथमिक स्कूल की दो तरफ की चहारदीवारी गिर गई। तिकोला गांव में पाकड़ का पेड़ गिरने से भारत सिंह के मकान का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। एसडीओ सौरभ शाक्य ने बताया कि नगर की बिजली आपूर्ति शुरू हो गई है, ग्रामीण क्षेत्र की लाइनें सुधारी जा रही हैं। संवाद

आंधी में मकान पर गिरा पेड़, दंपती घायल, एंबुलेंस फंसी

कुर्रियाकलां। बृहस्पतिवार रात आई आंधी और बारिश के दौरान मकान के ऊपर पेड़ गिर गया। इससे दीवार, टिनशेड और लिंटर ढह गया। मलबे में रामरहीस और उनकी पत्नी उषा देवी दब गए। शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाले छोटे भाई छुटाली मिश्रा पहुंचे। मोहल्ले के लोगों को इकट्ठा कर घायलों को निकाला। इसके बाद एंबुलेंस को कॉल किया लेकिन कांट मार्ग पर इमलिया गांव के पास पेड़ गिरने से रास्ता बंद होने की वजह से वह फंस गई। ग्राम प्रधान ने गंभीर रूप से घायल दंपती को अपने वाहन से एंबुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद सूचना पाकर ददरौल विधायक अरविंद सिंह मेडिकल कॉलेज पहुंचे और चिकित्सकों से मुलाकात कर रामरहीस और उषा देवी के समुचित उपचार के निर्देश दिए। परिजनों के अनुसार, जब आंधी आई, तब उनके तीन बच्चे पड़ोस में जन्मदिन की पार्टी में गए थे। संवाद

कुर्रिया कलां में आंधी से रामरहीस के घर पर गिरा नीम का पेड़।संवाद

कुर्रिया कलां में आंधी से रामरहीस के घर पर गिरा नीम का पेड़।संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें