चार दिन पहले आए तेज अंधड़ से शहर में टूटी बिजली की लाइनें पूरी तरह ठीक भी नहीं हो पाईं थीं कि शनिवार शाम को चली तेज आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था फिर चौपट कर दी। कहीं पेड़ की डाल टूटकर गिरी तो कहीं पोल ढहने और तारों के आपस में टकराने से लाइनों में फाल्ट हो गए। दो स्थानों पर ट्रांसफार्मर में पानी चला जाने से आसपास के इलाके अंधेरे में डूब गए। इसके चलते शहर के कई इलाकों में करीब दस घंटे तक बिजली सप्लाई ठप रही।
शनिवार रात करीब दस बजे से हवा की रफ्तार एकाएक आंधी में बदल गई। 33 केवी और 11 लाइनों के तार आंधी में लहराते देख शार्ट सर्किट से बचाने के लिए एहतियातन शहर के 33 केवी क्षमता वाले सभी सब स्टेशनों के फीडर बंद कर दिए गए। रात 11 बजे आंधी का जोर धीमा पड़ने पर बिजली सप्लाई चालू की गई लेकिन आधे घंटे बाद फिर आंधी चली और बारिश होने लगी। दोबारा आई आंधी में अंटा चौराहे के पास नगरपालिका परिषद के जलकल अनुभाग परिसर में स्थित पानी की टंकी के पास पेड़ की डाल टूटकर 11 केवी लाइन पर जा गिरी। इससे बिजली के तार टूट गए। उधर, हयातपुरा में बिजली के दो पोल गिरने से लाइन के तार खिंचाव पाकर जमीन पर गिर गए। वहीं मोहम्मदी रोड पर तारों के आपस में टकराने से शार्ट सर्किट हो गया। पॉवर कारपोरेशन के एक्सईएन सिटी विवेक पटेल ने बताया कि शहर के मोहल्ला हद्दफ समेत दो स्थानों पर बारिश का पानी ट्रांसफार्मरों में चला गया। इससे दोनों ट्रांसफार्मरों में ट्रिपिंग की समस्या पैदा हो गई। रविवार तड़के चार बजे तक बूंदाबांदी जारी रही इसलिए फाल्ट से ठप हुई लाइनें ठीक कराने का काम सुबह सात बजे से शुरू हो पाया। सुबह दस बजे के बाद इलाकों को बिजली मिलनी शुरू हुई। ऐसे में करीब दस घंटे तक शहर के अधिकतर इलाके अंधेरे में रहे।
यहां पूरी रात ब्लैक आउट
मदराखेल, हद्दफ, महमंद जंगला, अंटा चौराहा, बिसरात रोड, बृज विहार कालोनी का दक्षिणी हिस्सा, हयातपुरा, लोधीपुर, हथौड़ा चौराहा, गन्ना शोध परिषद की आवासीय कालोनी, आनंदपुरम, आजादपुरम, तिलहर जई, आवास विकास का पीली मस्जिद से जुड़े इलाके, सुभाषनगर आदि।
खंभे में करंट उतरा, भैंस मरी
ईदगाह रोड पर महमंद जंगला चौराहे पर बारिश से वहां के राउंड पोल के आसपास पानी भर गया। अर्थिंग की वजह से पोल पर करंट उतर गया। रविवार सुबह करीब नौ बजे महमंद जंगला में खुर्रम खां के घर किराए पर रह रहे वीरपाल अपनी भैंसों को चराने के लिए निकले। इसी दौरान पोल में उतरे करंट की चपेट में आकर वीरपाल की एक भैंस मर गई जबकि दो झुलस गईं। आसपास के लोगों ने ककरा पॉवर सब स्टेशन फोन करके बिजली सप्लाई बंद कराई।
नौ मिमी हुई बारिश
शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक जिले में नौ मिमी बारिश हुई। हवा और बारिश से पारा तीन डिग्री सेल्सियस नीचे गया। गन्ना शोध परिषद के मौसम विश्लेषक सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि बारिश के बाद पिछले 24 घंटे की तुलना में अधिकतम तापमान 40 से घटकर 37 डिग्री रह गया।
फसलों को लाभ
कृषि विज्ञान केंद्र के शस्य वैज्ञानिक डॉ. केएम सिंह ने शनिवार को हुई प्री-मानसून बारिश को गन्ना, दलहनी फसलों और सब्जियों के लिए लाभकारी बताया। कहा, ज्यादा लू चलने से आम का स्वाद फीका हो जाता है। बरसात होने से आम समय से पहले नहीं पकेगा और टपकने की रफ्तार कम होने से उसका साइज भी बढ़ जाएगा।
जलालाबाद में 14 घंटे बिजली गुल
जलालाबाद। शनिवार रात करीब 11 बजे आई आंधी के दौरान बड़ी लाइन का तार टूट जाने से कस्बे में बिजली सप्लाई ठप हो गई। रात भर अंधेरे में रहने के बाद रविवार दोपहर दो बजे लोगों को बिजली मिल पाई। 14 घंटे बिजली गुल रहने से लोग परेशान होते रहे। आंधी के दौरान लाइन में आने वाले फाल्ट समय रहते ठीक न होने का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। इस हफ्ते कई बार कई-कई घंटे बिजली सप्लाई ठप रही, जिससे लोग गर्मी में परेशान रहे। कई बार लोकल फाल्ट लंबे समय तक सही न होने के कारण कस्बे में बिजली सप्लाई ठप हो जाना आम बात है।