रविवार को पल्स पोलियो दिवस पर ब्लाक क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर बच्चों को पोलियों दवा पिलाने के लिए 160 बूथ बनाए गए थे। इनमें से बिरिया खुर्द गांव में ग्रामीणों ने बिजली न आने के विरोध में बच्चों को पोलियो की दवा नहीं पिलवाई। उधर, ब्लाक प्रमुख गोपाल वर्मा ने अपने पैतृक गांव चितरउ के प्राथमिक स्कूल में एक बच्चे को पोलियो दवा पिलाकर बूथ का शुभारंभ किया। बूथ का जायजा लेने को नियुक्त किए गए सुपरवाइजर, मेडिकल आफीसर तथा सीडीपीओ अनूप ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान गांव बिरिया खुर्द में काफी समय से बिजली न आने के विरोध में ग्रामीणों ने पोलियो दिवस का बहिष्कार कर बच्चों को दवा पिलाने से मना कर दिया। सूचना पाकर गांव पहुंचे चिकित्साधीक्षक डॉ. ज्ञानेंद्र ने गांव वालों से वार्ता कर उनसे दवा पिलाने का अनुरोध किया, लेकिन ग्रामीणों ने उनकी बात नहीं मानी। इसके बाद ज्ञानेंद्र ग्रामीणों की मांग संबंधी पत्र लेकर बैरंग लौट आए।