निगोही में उपकेंद्र के बाहर धरना देते भाकियू कार्यकर्ता। स्रोत: जागरुक पाठक
निगोही। केबल और तार खराब होने के चलते सप्ताह भर से आपूर्ति बाधित रहने पर नााज भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने उपकेंद्र पर हंगामा किया। किसानों ने नारेबाजी करते हुए धरना दिया, साथ ही एसडीओ को ज्ञापन भेजा।
तहसील उपाध्यक्ष अनिल वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता विद्युत उपकेंद्र में पहुंचे और नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन करने लगे। किसानों ने मांग रखी कि आंधी से विद्युत लाइन ध्वस्त हो गई हैं। एक सप्ताह से अधिक समय होने के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। अधिकारी कॉल तक रिसीव नहीं करते हैं। फसलें सूख रही हैं। ज्ञापन में चार दिन में सभी ध्वस्त लाइनें अगर सही ना कराने पर आंदोलन की चेतावनी दी। तहसील उपाध्यक्ष अनिल वर्मा, ब्लाक अध्यक्ष अजवेंद्र सिंह, ब्लाॅक प्रभारी जगपाल कुशवाहा, प्रदीप कुशवाहा, ओमप्रकाश कनौजिया आदि मौजूद रहे।
आनंदपुरम और लोदीपुर में बंच लाइन जली
शाहजहांपुर। भीषण गर्मी में बंच लाइन के जलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। रीवैंप योजना में कंपनी डाली गई खराब गुणवत्ता की केबल का खामियाजा आमजनता को भुगतना पड़ रहा। बुधवार को आनंदपुरम कॉलोनी व लोदीपुर में बंच लाइन जलने से बिजली आपूर्ति बाधित रही।
लोदीपुर में शाम करीब चार बजे बंच लाइन जल गई। इसके चलते करीब दो सौ घरों की आपूर्ति बाधित हो गई। लोगों ने जेई को फोन कर सूचना दी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद लाइन को सही किया। वहीं आनंदपुरम कॉलोनी में बंच लाइन जलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। दिन में कई बार बंच लाइन जलने से आपूर्ति बाधित रही। कलान में बंच लाइन जलने से तीन घंटे तक चार सौ घरों की बिजली आपूर्ति बाधित रही।