पुवायां में राजीव चौक पर भाकियू लोकशक्ति के कार्यकर्ताओं को समझाते एसडीएम। संवाद
पुवायां। विभिन्न समस्याओं को लेकर दिए गए ज्ञापन पर सुनवाई नहीं होने से नाराज भाकियू लोकशक्ति के कार्यकर्ताओं नगर के राजीव चौक पर प्रदर्शन किया। इस बीच तहसील प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। एसडीएम व सीओ से वार्ता के बाद धरना समाप्त किया।
संगठन की ओर से कई दिन पूर्व ज्ञापन देकर अमेरिका के साथ ट्रेड डील रद करने, किसान की कॉल रिसीव नहीं करने वाले राजस्व विभाग के अधिकारियों की जांच कराने सहित कई मांगे की गई थीं। कार्रवाई न होने पर कार्यकर्ता शनिवार को नगर के डाक बंगला परिसर में एकत्र हुए। जिलाध्यक्ष सुभाषचंद्र मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए राजीव चौक पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि 20 मिनट में एसडीएम मौके पर आकर समस्याओं को सुनकर समाधान नहीं कराते हैं तो वह लोग पैदल ही जिला मुख्यालय के लिए कूच कर देंगे। नायब तहसीलदार जगतमोहन जोशी मौके पर आए लेकिन पदाधिकारियों ने उनसे बात करने से मना कर दिया। इसके बाद एसडीएम सदानंद सरोज और सीओ प्रवीण मलिक मौके पर पहुंचे और समस्याओं को सुनकर टीम बनाकर निस्तारण के लिए भेजी गई।
इस मौके पर हरिओम सिंह चौहान, दाताराम, संतोष तिवारी, दीप कुमार आदि मौजूद रहे। एसडीएम सदानंद सरोज ने बताया कि जिन समस्याओं का निराकरण स्थानीय स्तर पर हो सकता है, उनके लिए टीम बना दी गई है।