यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बसपा और सपा के बाद अब कांग्रेस को भी किसानों से करीबी बढ़ाते देख सूबे की सत्ता में आने का सपना संजोए भाजपा ने अपने एजेंडे में कुछ बदलाव किया है। राम, राष्ट्र और रोजगार के बाद विकास की बात करते हुए पार्टी ने प्रदेश के चुनावी एजेंडे में गांव, गरीब और किसान पर फोकस किया है। बृहस्पतिवार को पुवायां में राष्ट्रीय राजमार्ग के शिलान्यास कार्यक्रम में सरकारी समारोह की गरिमा के अनुरूप भले ही किसी दल या नेता का नाम केंद्रीय सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने नहीं लिया लेकिन उन्होंने चुनावी तैयारी में जुटे पार्टी की सोच को संकेतों में स्पष्ट कर दिया।
गडकरी ने कहा कि यूपी धनवान है लेकिन यहां के लोग गरीब हैं। आंख है लेकिन उसमें सही दृष्टि नहीं है। इसे ही सही करना है। गरीब का कोई धर्म नहीं होता। नेता ही जात-पात की राजनीति में उन्हें बांटते हैं। उन्होंने निशाना साधा कि भाजपा ही वह पार्टी है जिसमें कार्यकर्ता मालिक है, कोई मां-बेटा, पिता-पुत्र या अपने परिवार वाले नहीं हैं। यही कारण है कि उनके जैसा पोस्टर चिपकाने वाला कार्यकर्ता संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष तक बनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि यूपी की तस्वीर बदलनी है तो यहां भी भ्रष्टाचार मुक्त सरकार लानी होगी। चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि इधर गधे, उधर गधे, सब तरफ गधे, घोड़ों को नहीं मिल रही घास, गधे खा रहे च्यवनप्राश।
बदल सकती है यूपी की तस्वीर
पुवायां (शाहजहांपुर)। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यूपी की तस्वीर बदल सकती है। यहां के मुकाबले काफी ज्यादा परेशानी वाले महाराष्ट्र राज्य में, जहां पानी 400 फीट नीचे है, वहां किसान अपना गन्ना उगा रहे हैं, तीन चीनी मिलें 20 हजार किसानों के शेयर होल्डिंग में चल रही है और वे चीनी से निकलने वाले शिरा से बिजली, इथेनॉल आदि उत्पादित कर रहे हैं, जिससे प्रदूषण रहित ईंधन तक मिल रहा है। बायो प्लास्टिक बन रहा है जिसका इस्तेमाल पानी की बोतलों को बनाने में हो सकता है।
नेताओं ने साधा विरोधियों पर निशाना
पुवायां (शाहजहांपुर)। भाजपा नेता अखिलेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस ने तमाम वर्षों केंद्र और प्रदेश में सरकार चलाई कोई विकास नहीं किया। देश को लूट का विदेशों में धन जमा किया। भाजपा ही भ्रष्टाचार मुक्त पार्टी है। अरुण यादव ने कहा कि मुलायम सिंह ने अपने परिवार, रिश्तेदार सब एमपी, एमएलए और मंत्री आदि बना लिए। राजवीर सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में भजपा की सरकार बननी तय है।